Spread the love
मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, नशे के दुष्प्रभावों और टीबी के प्रति किया जागरूक
                               हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
घुमारवीं , 30 अक्तूबर। खंड घुमारवीं में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुपम शर्मा की अध्यक्षता में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बाड़ी और ग्राम पंचायत पट्टा के पंचायत प्रतिनिधियों, उपप्रधानों, वार्ड सदस्यों तथा स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के अंतर्गत उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने, स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित पोषण के महत्व तथा समुदाय की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान में समिति की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव प्रबंधन तथा मानसिक समस्याओं के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने पर विशेष रूप से चर्चा की गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है तथा मानसिक परेशानियों को छिपाने के बजाय समय रहते उचित परामर्श एवं उपचार लेना चाहिए।
इसके अतिरिक्त उपस्थित लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, टीबी (क्षय रोग) के लक्षणों, बचाव, समय पर जांच और उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई। पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं एवं सुविधाओं के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुपम शर्मा, अधीक्षक सुचेता शर्मा, ऑफिशिएटिंग हेल्थ एजुकेटर सोनिका कपूर, काउंसलर सुभाष तथा टीबी विभाग से सीनियर लैब असिस्टेंट कुलदीप सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय में मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से सुदृढ़ करना रहा।

Leave a Reply

You missed