हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 31अक्तूबर। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल), दूरसंचार व्यवसाय क्षेत्र सोलन, हिमाचल प्रदेश में 26 अक्तूबर से 1 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष सप्ताह का विषय “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” रखा गया है।
इस अवसर पर 26 अक्तूबर को बीएसएनएल सोलन के वरिष्ठ महाप्रबंधक जसपाल सिंह ने कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भ्रष्टाचार देश की आर्थिक, राजनीतिक एवं सामाजिक प्रगति में एक बड़ी बाधा है। इसे समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का सामूहिक प्रयास आवश्यक है।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता एवं निष्ठा के साथ करने तथा भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
सप्ताह के दौरान बीएसएनएल कार्यालय परिसर में सतर्कता जागरूकता से संबंधित बैनर भी प्रदर्शित किए गए। इसके अतिरिक्त 28 अक्टूबर को निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्री मनीष कुमार (कनिष्ठ अभियंता), द्वितीय स्थान श्रीमती प्रीति पंडित (कनिष्ठ दूरसंचार अधिकारी) तथा तृतीय स्थान श्री बलराज साना (सहायक कार्यालय अधीक्षक) ने प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में आज “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय पर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पदयात्रा निकाली गई। इसमें कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता तथा भ्रष्टाचार उन्मूलन का संदेश दिया।
इस आयोजन के माध्यम से कर्मचारियों को कार्यस्थल पर ईमानदारी, जवाबदेही एवं पारदर्शिता बनाए रखने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग रहने का संदेश दिया गया।
