Spread the love

   

  • 15 दिसंबर को धर्मशाला से होगा खेलो हिमाचल, चिट्टा मुक्त अभियान 2026 का आगाज, शिक्षा और खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार कर रही प्रयास

  • स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न पर विकसित करने, पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम और आधुनिक तकनीक को शिक्षा में शामिल करने पर दिया जा रहा जोर

  • कुठेड़ा व मरहाणा में आयोजित कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि बोले तकनीकी शिक्षा मंत्री, स्कूल के विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

घुमारवीं/कुठेड़ा, 24 नवंबर। नगर व ग्राम नियोजन, आवास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि खेल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा युवाओं के सर्वांगीण विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है, वहीं बेहतर शिक्षा और अवसर उन्हें भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए सक्षम बनाते हैं। खेल गतिविधियां युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

राजेश धर्माणी कुठेड़ा में आयोजित अंडर-16 छात्र एवं छात्राओं की तीन दिवसीय राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मरहाणा के कॉम्प्लेक्स स्तरीय वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेलों और शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में प्रदेश में खेलो हिमाचल, चिट्टा मुक्त अभियान 2026 शुरू किया जा रहा है, जिसका विधिवत आगाज 15 दिसंबर को धर्मशाला से होगा। अभियान के तहत ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस पर लगभग 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिल सके।

उन्होंने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में वृद्धि की है तथा हाल ही में शिमला में खिलाड़ियों को लगभग 19 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई है।

शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न पर विकसित करने, पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू करने, नैतिक शिक्षा को पाठ्यक्रम में शामिल करने और शैक्षणिक दिवसों की संख्या बढ़ाकर 210 दिन करने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग मॉडल स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं, जबकि 850 से अधिक शिक्षण संस्थानों को इंस्टीट्यूशंस ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक विषयों को शामिल करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। शिक्षकों के प्रशिक्षण और स्कूलों की शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी के लिए भी विशेष कदम उठाए जा रहे हैं।

मरहाणा स्कूल में विकासात्मक कार्यों और विद्यार्थियों की सुविधाओं के विस्तार के लिए उन्होंने 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त स्कूल में चार सोलर लाइट स्थापित की गई हैं तथा शौचालयों के सुधार के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने मरहाणा पंचायत में सड़क सुधार कार्यों पर लगभग 40 लाख रुपये तथा डिस्पेंसरी भवन के सुधार पर 7.50 लाख रुपये खर्च किए जाने की जानकारी भी दी। अनुसूचित जाति बस्ती के संपर्क मार्ग के सुधार के लिए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 10 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने की बात कही।

इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कुठेड़ा में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की छात्र एवं छात्राओं की कुल 36 टीमों ने भाग लिया, जिनमें 18 छात्राओं और 18 छात्रों की टीमें शामिल रहीं।

इस अवसर पर कुठेड़ा में जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी, खिलाड़ी, कोच और अभिभावक उपस्थित रहे। वहीं मरहाणा स्कूल में प्रधानाचार्य सीमा शर्मा, उप निदेशक उच्च शिक्षा नरेश चंदेल, विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, स्कूल स्टाफ, अभिभावक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

You missed