Spread the love

 

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

अर्की, 22 अप्रैल। उपमंडल अर्की स्थित एससीवीटी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्की में भारतीय संस्कृति एवं पुरातन परंपराओं के निर्वहन के उद्देश्य से विधिवत हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर यज्ञ धूम और वैदिक मंत्रोच्चारण से भक्तिमय एवं सुगंधित वातावरण में परिवर्तित हो गया।

कार्यक्रम में आचार्य दुष्यंत शास्त्री ने अपने मधुर कंठ से वैदिक मंत्रों का उच्चारण करते हुए मां सरस्वती एवं वेद माता गायत्री की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा की कामना करते हुए “सर्वे भवन्तु सुखिनः” का संदेश दिया।

हवन में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार गौतम, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्य, समस्त अध्यापक वर्ग तथा कक्षा पहली से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। सभी ने समवेत स्वर में “स्वाहा” उच्चारित करते हुए यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार एवं सकारात्मक सोच का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति से जुड़ाव बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

हवन यज्ञ के उपरांत विद्यालय परिवार द्वारा सभी छात्र-छात्राओं को हलवे का प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन से विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।

Leave a Reply

You missed