
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
शिमला, 21 मई। भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने आज शिमला में एक ओर जहां नगर निगम की सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों को नौकरी से निकालने को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला, वहीं दूसरी ओर शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में आयोजित कला प्रदर्शनी का उद्घाटन कर युवाओं की प्रतिभा को सराहा।
कोविड योद्धाओं का अपमान कर रही सुक्खू सरकार, शिमला में महामारी का खतरा
कर्ण नंदा ने शिमला नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को लेकर सुक्खू सरकार और नगर निगम प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हर वर्ग परेशान है। कोरोना काल में अपनी जान जोखिम में डालकर काम करने वाले कोविड योद्धाओं को आज सड़कों पर लाया जा रहा है। नगर निगम द्वारा 41 कर्मचारियों को नौकरी से निकालना और 270 आउटसोर्स कर्मचारियों को बदलने का फैसला कांग्रेस की संवेदनहीन, तानाशाही और कर्मचारी व दलित विरोधी मानसिकता का खुला प्रमाण है।
उन्होंने बताया कि पिछले छह दिनों से शिमला की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। पर्यटन सीजन के दौरान पूरा शिमला गंदगी और कूड़े के ढेरों से अटा पड़ा है, जिससे महामारी फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है। नंदा ने आरोप लगाया कि जब नगर निगम कूड़ा उठाने के बिलों में 10% तक की बढ़ोतरी कर सकता है, तो कर्मचारियों के वेतन और सुविधाओं में वृद्धि क्यों नहीं की जा सकती? उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों का उत्पीड़न तुरंत बंद कर उनकी जायज मांगें नहीं मानी गईं, तो भाजपा इस लड़ाई को और मजबूती से लड़ेगी।
“द सोल कलेक्शन” प्रदर्शनी में झलकी हिमाचली कला की आत्मा
राजनीतिक घेराबंदी के बीच, भाजपा मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर के टैवर्न हॉल में आयोजित “द सोल कलेक्शन” पेंटिंग प्रदर्शनी का मुख्य अतिथि के रूप में शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश कोषाध्यक्ष कमलजीत सूद, रमा ठाकुर, सुदीप महाजन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रदर्शनी में कलाकार जितेन्द्र चौहान द्वारा हिमाचली संस्कृति, आध्यात्मिकता, प्रकृति और सामाजिक जीवन पर आधारित आकर्षक पेंटिंग्स प्रदर्शित की गईं।
पेंटिंग्स का अवलोकन करते हुए कर्ण नंदा ने कहा:
“कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और संस्कृति को जीवंत बनाए रखने का सशक्त साधन है। आज के डिजिटल दौर में ऐसी प्रदर्शनियां युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक सशक्त मंच प्रदान करती हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ती हैं।”
प्रदर्शनी के संयोजक जितेन्द्र चौहान ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी 21 मई से 23 मई तक आम जनता के लिए खुली रहेगी, जहां कला प्रेमी हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को चित्रों के माध्यम से देख सकेंगे।
