Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

नालागढ़, 11 अप्रैल। दून वैली पब्लिक स्कूल में सी.बी.एस.ई. के मार्गदर्शन में “थ्योरी ऑफ नॉलेज” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को बेहतर सोच विकसित करने, विभिन्न विषयों को समझने और ज्ञान के अलग-अलग पहलुओं से परिचित कराना था, ताकि वे कक्षा में पढ़ाई को अधिक प्रभावी बना सकें। कार्यशाला का संचालन सी.बी.एस.ई. के रिसोर्स पर्सन डॉ. विभा रे और कीर्ति शर्मा ने किया। उन्होंने शिक्षकों को ज्ञान की प्रकृति, उसे समझने के तरीकों और विभिन्न क्षेत्रों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। साथ ही, शिक्षण को रोचक बनाने के लिए संवादात्मक तरीकों और जीवन से जुड़े उदाहरणों के उपयोग पर जोर दिया।

विद्यालय प्रबंधन की ओर से एच.आर.पी.आर.ओ. प्रिया शर्मा ने दोनों अतिथियों का स्वागत किया। कार्यशाला के दौरान प्रश्न-उत्तर, समूह चर्चा और प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई। इस कार्यशाला में विद्यालय के 60 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए। अंत में सभी शिक्षकों ने विद्यालय प्रबंधन का धन्यवाद करते हुए सीखी गई बातों को कक्षा में लागू करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

You missed