हिंदी साहित्य ओर लेखन में नंदिता बाली ने देवभूमि को देशभर में दिलाई अलग पहचान
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सीबीएन, 12 अप्रैल। प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी की जानी-मानी लेखिका डॉ. नंदिता बाली को हिंदी साहित्य में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्वर्णिम विद श्री सम्मान से सम्मानित किया गया है। उनकी चर्चित कविताएं विश्व हिंदी दिवस आदि प्रतिष्ठित गंगोत्री पत्रिका में प्रकाशित हुई हैं, जिन्हें साहित्यिक जगत में विशेष सराहना मिली है।
डॉक्टर नंदिता बाली को आचार्य वीरेंद्र सिंह गहरवार द्वारा राष्ट्रीय स्वर्णिम विद श्री सम्मान प्रदान किया गया। आचार्य गहरवार इतिहास तथा पुरातत्व शोध संस्थान संग्रहालय के निदेशक हैं। डॉ. नंदिता बाली पिछले करीब 22 वर्षों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं और ध्वस्त होती ऐतिहासिक इमारतों, धरोहर संरक्षण, पर्यावरण तथा सामाजिक सरोकारों पर निरंतर लेखन करती रही हैं।
साहित्य और शोध के क्षेत्र में सक्रिय योगदान के चलते उन्हें समय-समय पर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाता रहा है। राष्ट्रीय स्वर्णिम विद श्री सम्मान उनके सम्मान-क्रम में 42वां राष्ट्रीय सम्मान है। डॉ. नंदिता बाली सेवानिवृत्त प्रवक्ता होने के साथ साथ साहित्यिक गतिविधियों में पूरी तरह सक्रिय हैं और ऑफलाइन व ऑनलाइन कवि सम्मेलनों में भाग लेकर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराती रही हैं।
डॉक्टर नंदिता बाली ने अपनी प्रखर लेखनी से देवभूमि हिमाचल को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक अलग पहचान दिलाई है। साहित्य और लेखन में रुचि के चलते डॉक्टर नंदिता बाली को देश की अलग अलग संस्थाओं द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। इस अवसर पर आचार्य वीरेंद्र सिंह गहरवार ने उन्हें पुनः इतिहास व पुरातत्व शोध संस्थान का हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष भी मनोनीत किया है। डॉक्टर नंदिता बाली की इस उपलब्धि पर दून के विधायक राम कुमार चौधरी, पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी, दून की पूर्व विधायक विनोद चंदेल, सुरजीत चौधरी, जिला भाजपा सचिव बलबीर सिंह, ओमैक्स रेजिडेंट वेल्फेयर सोसायटी के प्रधान जसविंदर लक्की, महासचिव देवेंद्र चौधरी, पुष्पिंदर कौर, डॉक्टर श्रीकांत शर्मा, इंडियन रिपोर्टर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव ओम शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने बधाई दी है।
