Spread the love

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने राजकीय महाविद्यालय घंडालवीं के विद्यार्थियों से किया संवाद

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

घुमारवीं, 19 अगस्त।‌नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज राजकीय महाविद्यालय, घंडालवीं के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए व्यक्ति जीवन में आगे बढ़ सकता है और अपने सपनों को साकार कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल डिग्री या डिप्लोमा प्राप्त करने के उद्देश्य से शिक्षा ग्रहण न करने, बल्कि ज्ञान की गहराई तक जाकर स्वयं को हुनरमंद एवं सक्षम बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ उसे एक जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक भी बनाती है।

राजेश धर्माणी ने विद्यार्थियों को समाज के प्रति उत्तरदायी बनने तथा अपने व्यक्तित्व का निरंतर विकास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपना स्वाॅट विश्लेषण करने का आग्रह करते हुए कहा कि वे अपनी शक्तियों, कमजोरियों, अवसरों और चुनौतियों का विस्तृत आकलन लिखित रूप में करें, ताकि अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए स्पष्ट रणनीति तैयार कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को करियर का रोडमैप बनाने, शैक्षणिक लक्ष्य निर्धारित करने तथा अंग्रेजी संप्रेषण कौशल को बेहतर बनाने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और मोबाइल फोन का उपयोग केवल मनोरंजन तक सीमित न रखते हुए ज्ञान अर्जन और स्वयं को अद्यतन रखने के लिए किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने नियमित शारीरिक व्यायाम, अच्छी पुस्तकों के अध्ययन, संचार कौशल में निरंतर सुधार तथा प्रतिदिन पुस्तकालय जाने की आदत विकसित करने की सलाह दी। सामान्य ज्ञान बढ़ाने के लिए समाचार पत्रों, विशेषकर संपादकीय पृष्ठ का नियमित अध्ययन करने का भी उन्होंने आग्रह किया।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से प्रतिदिन स्वास्थ्य संबंधी लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मनिर्भर बनने तथा दूसरों पर अनावश्यक निर्भरता से बचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी मनुष्य समान हैं और कोई भी जन्म से अच्छा या बुरा नहीं होता। व्यक्ति के विचार ही उसके व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से झिझक को दूर कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने विद्यार्थियों से वर्तमान समय में उपलब्ध संसाधनों का स्मार्ट तरीके से उपयोग करते हुए कौशल एवं प्रतिभा की सही पहचान करने तथा उसी दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने को प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को दूसरों से तुलना करने के बजाय स्वयं के विकास पर ध्यान केंद्रित करने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थी अपनी क्षमताओं को पहचान कर उन्हें निखारने का प्रयास करेंगे, तो वे न केवल अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास सुनिश्चित कर सकेंगे, बल्कि भविष्य में देश और समाज के विकास में भी सार्थक योगदान देने में सक्षम होंगे।

राजेश धर्माणी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए आगामी 25 सितंबर तक आज से पाँच वर्ष बाद या दस वर्ष बाद वह स्वयं को किस स्थिति में देखना चाहते हैं विषय पर निबंध लिखने का भी कार्य दिया, ताकि वे अपने भविष्य के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित कर सकें। उन्होंने कहा कि सर्वश्रेष्ठ निबंध लिखने वाले विद्यार्थियों को आगामी सीर उत्सव में पुरस्कृत किया जाएगा।

इस अवसर पर उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका मंत्री ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया और उन्हें जीवन में निरंतर सीखने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा सफलता के लिए सतत प्रयासरत रहने का संदेश दिया।

उन्होंने काॅलेज प्रबंधन को विद्यार्थियों के लिए भविष्य में एक्सपोजर विजिट का आयोजन करने के भी निर्देश दिये ताकि वह दूसरे क्षेत्रों व स्थानों का भ्रमण कर जानकारी हासिल उनका ज्ञानवर्धन हो सके। साथ ही काॅलेज में विभिन्न गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न तरह के क्लब स्थापित करने को भी कहा, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा विकसित करने के अवसर प्राप्त हो सकें।

उन्होंने काॅलेज विद्यार्थियों की मांग पर मुख्य सड़क पर एक वर्षाशालिका निर्मित करने की भी घोषणा की।

इस मौके पर उन्होंने विद्यार्थियों को नशामुक्त हिमाचल अभियान के तहत नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।

इससे पहले कॉलेज की प्राचार्य प्रो. रीता शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
-000- राजेश धर्मानी Er Rajesh Dharmani @followers

Leave a Reply

You missed