Spread the love

पांच किलोमीटर की मैराथन, एंटी-चिट्टा जागरूकता बाइक रैली, खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेंगे आकर्षण का केंद्र

                                 हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
नालागढ़, 27 अक्तूबर। बद्दी उपमंडल में पहली बार जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेले का आयोजन 28 से 30 नवंबर, 2026 तक किया जाएगा। मेले के सफल आयोजन को लेकर उपमंडल रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष एवं उपमंडलाधिकारी बद्दी संजीव धीमान की अध्यक्षता में बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण के झाड़माजरी स्थित सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की तैयारियों, खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न स्टॉलों की व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

संजीव धीमान ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता, मानवीय सेवा और जनकल्याण के उद्देश्य से कार्य करती है। समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से संस्था के सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने बद्दी उपमंडल के लोगों से दो हजार रुपये के शुल्क पर रेड क्रॉस सोसाइटी की आजीवन सदस्यता ग्रहण करने और समाजसेवा के कार्यों में योगदान देने की अपील की। उन्होंने बताया कि आजीवन सदस्य बनने वाले लोगों को मेले के दौरान मुख्य अतिथियों के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा।

मेले के प्रथम दिन खेल गतिविधियों की शुरुआत पांच किलोमीटर की मैराथन से होगी। इसके अलावा विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की भागीदारी से एंटी-चिट्टा जागरूकता बाइक रैली निकाली जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।

मेले में सभी आयु वर्गों के लिए विभिन्न खेल एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। महिलाओं के लिए मटका फोड़, मेहंदी, रंगोली और म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी विशेष गतिविधियां रखी जाएंगी। युवाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा और विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखेगी विभिन्न राज्यों की झलक:-

मेले के दौरान स्कूली विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इसके तहत भांगड़ा, गिद्दा, नाटी, गायन, नृत्य और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए फैशन शो और परिधान प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी। इसमें प्रतिभागी विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से उनकी संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करेंगे।

संजीव धीमान ने कहा कि बद्दी एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है, जहां देश के विभिन्न राज्यों के लोग रोजगार के लिए कार्यरत हैं। इसे ध्यान में रखते हुए सांध्यकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली और पंजाबी कलाकारों के साथ भोजपुरी, राजस्थानी, हरियाणवी तथा अन्य क्षेत्रीय संस्कृतियों का प्रतिनिधित्व करने वाले कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इससे मेले को विभिन्न राज्यों की कला एवं संस्कृति के साझा मंच के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

स्वयं सहायता समूहों और कंपनियों को मिलेंगे स्टॉल-

मेले में स्वयं सहायता समूहों, सरकारी विभागों, स्कूली विद्यार्थियों और इच्छुक कंपनियों को स्टॉल लगाने का अवसर दिया जाएगा। स्वयं सहायता समूह अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय कर सकेंगे। वहीं, विद्यार्थियों को खाने-पीने की वस्तुओं और अन्य उत्पादों के स्टॉल लगाने के माध्यम से उद्यमिता तथा आत्मनिर्भरता का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।

इच्छुक कंपनियां भी अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए स्टॉल लगाने हेतु आवेदन कर सकेंगी। स्टॉल का आवंटन उपलब्धता और निर्धारित प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

संजीव धीमान ने क्षेत्रवासियों, शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न संगठनों से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य मनोरंजन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ समाजसेवा, जनभागीदारी और जरूरतमंद लोगों की सहायता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You missed