Spread the love

एलाइड एंड हेल्थकेयर कॉलेज भी शुरू, चार पाठ्यक्रमों में 210 सीटें उपलब्ध; मुख्यमंत्री बोले- स्वास्थ्य क्षेत्र में चार दशकों में हुए सबसे अधिक सुधार

                                हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

हमीरपुर, 27 अक्तूबर।  मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, हमीरपुर के जोलसप्पड़ परिसर में 200 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए अकादमिक ब्लॉक का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने एलाइड एंड हेल्थकेयर कॉलेज का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार कर रही है और पिछले चार दशकों की तुलना में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सबसे अधिक सुधार हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है, ताकि आने वाले दस वर्षों में देश के अन्य राज्यों से भी लोग यहां उपचार करवाने आएं। इसके लिए प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में एमआरआई, 3 टेस्ला एमआरआई और अन्य आधुनिक चिकित्सा उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं। चार मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की गई है, जबकि प्रत्येक चिकित्सा महाविद्यालय में करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटेड लैब स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि हमीरपुर के एलाइड एंड हेल्थकेयर कॉलेज में चार पाठ्यक्रमों के तहत 210 सीटें उपलब्ध करवाई गई हैं। इनमें बैचलर ऑफ मेडिकल लैब साइंस, बैचलर ऑफ रेडियोलॉजी और बैचलर ऑफ एनेस्थीसिया की 60-60 सीटें तथा डायलिसिस की 30 सीटें शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों से युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा के अवसर मिलेंगे और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार होगा। अगले वर्ष चार और नए पाठ्यक्रम शुरू करने की भी योजना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए एमबीबीएस विद्यार्थियों को 60-60 के बैच में पढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के साथ बीएससी नर्सिंग और रेडियोग्राफर प्रशिक्षण की सीटों में भी वृद्धि की गई है। उन्होंने भावी चिकित्सकों के साथ संवाद करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की चुनौतियों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग और आम लोगों तक बेहतर उपचार पहुंचाने पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों से आधुनिक तकनीक के साथ संवेदनशीलता और सेवाभाव को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि नवनिर्मित अकादमिक ब्लॉक से चिकित्सा शिक्षा और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता बढ़ेगी तथा लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 4.30 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के आवासीय परिसर का उद्घाटन किया। साथ ही 1.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले स्ट्रीट फूड पार्क और 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बाल देखभाल संस्थान की आधारशिला भी रखी।

इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You missed