सोलन में पहाड़ी दिवस पर पहाड़ी कवि सम्मेलन व भाषायी प्रतियोगिताओं का आयोजन
10 विद्यालयों के 30 विद्यार्थियों ने लिया भाग, भाषण, मुहावरा-लोकोकितयां और पहेलियों में दिखाया हुनर
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 2 नवंबर। जिला भाषा अधिकारी सोलन कार्यालय द्वारा आज कला केंद्र कोठो में पहाड़ी दिवस-2026 के अवसर पर पहाड़ी कवि सम्मेलन एवं पहाड़ी भाषा की विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 10 विद्यालयों के 30 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान भाषण, मुहावरा/लोकोक्तियां तथा पहेलियां लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। भाषण प्रतियोगिता में पहाड़ी भाषा की संवर्धक हिमाचली बोलियां विषय पर विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। इसमें सोनाक्षी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटला ने प्रथम, महिमा कश्यप, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शमरोड़ ने द्वितीय तथा कावरी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देवठी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुहावरा/लोकोक्तियां प्रतियोगिता में अरमान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र सोलन ने प्रथम, सुमेधा शर्मा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठो ने द्वितीय तथा एंजल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शमरोड़ ने तृतीय स्थान हासिल किया।
पहेलियां लेखन प्रतियोगिता में कंचन, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठो ने प्रथम, खुशबू, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुनगाहाट ने द्वितीय तथा आदित्य शर्मा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठो ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम की विशेषता रही कि सभी प्रतिभागियों ने भाषण पहाड़ी भाषा में ही प्रस्तुत किए। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका डॉ. प्रेमलाल गौतम, डॉ. शंकर वशिष्ठ तथा मदन हिमाचली ने निभाई।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में पहाड़ी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें कवियों ने पहाड़ी भाषा में अपनी सुंदर रचनाएं प्रस्तुत कर पहाड़ी संस्कृति, परंपराओं और लोकजीवन को उजागर किया। कवि सम्मेलन में डॉ. शंकर वशिष्ठ, डॉ. प्रेमलाल गौतम, सुनीता शर्मा तथा सुमन शर्मा सहित अन्य कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से पहाड़ी भाषा की मिठास और सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया।
अंत में जिला भाषा अधिकारी सोलन ममता वर्मा ने सभी प्रतिभागियों, अध्यापक वर्ग तथा साहित्यकारों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पहाड़ी भाषा में आयोजित कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, ताकि पहाड़ी भाषा एवं संस्कृति से जुड़ाव बना रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन गौरव शर्मा ने पहाड़ी भाषा में किया। इस अवसर पर रत्न ठाकुर, सुमन शर्मा तथा विभिन्न विद्यालयों के अध्यापक वर्ग उपस्थित रहे।

