Spread the love

अंडर-14 और अंडर-19 बॉयज व गर्ल्स वर्ग में सोलन का दबदबा, राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी हासिल की ऐतिहासिक जीत

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

नालागढ़, 02 नवंबर। गुरु नानक पब्लिक स्कूल जगातखाना ने हॉकी के मैदान में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला और राज्य स्तर पर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। स्कूल की अंडर-14 और अंडर-19 बॉयज एवं गर्ल्स वर्ग की चारों टीमों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में खिताब अपने नाम कर पूरे सोलन जिले का नाम रोशन किया। इसके बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कई चैंपियनशिप अपने नाम कीं।

जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में चारों टीमों का शानदार प्रदर्शन

सितंबर 2026 में आयोजित जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिताओं में गुरु नानक पब्लिक स्कूल जगातखाना की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। अंडर-19 बॉयज की प्रतियोगिता 17 से 19 सितंबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में आयोजित हुई। इसमें स्कूल की टीम ने सेमीफाइनल में जीएसएसएस कुनिहार को 7-0 से हराया, जबकि फाइनल में सोलन को 3-0 से पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया।

अंडर-19 गर्ल्स की प्रतियोगिता 21 से 23 सितंबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरोटीवाला में हुई। स्कूल की बालिका टीम ने फाइनल में जीएसएसएस धर्मपुर को 9-0 से एकतरफा शिकस्त देकर गोल्ड ट्रॉफी पर कब्जा किया।

अंडर-14 गर्ल्स वर्ग में 22 से 24 सितंबर तक जीएसएसएस कुनिहार में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में गुरु नानक पब्लिक स्कूल की टीम ने मेजबान कुनिहार को हराकर खिताब जीता। वहीं, अंडर-14 बॉयज वर्ग की प्रतियोगिता 10 से 12 सितंबर तक जीएसएसएस बरोटीवाला में आयोजित हुई, जिसमें जगातखाना की टीम ने सोलन को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।

इन शानदार जीतों के बाद चारों वर्गों की टीमों ने जिला सोलन का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए क्वालीफाई किया।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी सोलन का शानदार प्रदर्शन

राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिताओं में जिला सोलन की टीमों ने गुरु नानक पब्लिक स्कूल जगातखाना के खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन के बल पर कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं।

अंडर-14 बॉयज: 9 से 11 अक्टूबर तक जीबीएसएसएस मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के फाइनल में जिला सोलन की टीम ने ऊना को 12-0 से हराकर राज्य चैंपियन का खिताब जीता। इस टीम में गुरु नानक पब्लिक स्कूल के राजवीर सिंह, इश्मीत सिंह, प्रभजोत सिंह, करणप्रीत, करणवीर सिंह, लवप्रीत, परमजीत, अंकित, कमलप्रीत और अरशप्रीत सिंह शामिल रहे।

अंडर-19 बॉयज: इस वर्ग में जिला सोलन की टीम ने क्वार्टर फाइनल में चंबा को 11-0, सेमीफाइनल में ऊना को 4-0 और फाइनल में सिरमौर को 2-0 से हराकर राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इसके साथ ही हॉस्टल स्टेट चैंपियनशिप में स्पोर्ट्स हॉस्टल सुंदरनगर को 2-0 से हराकर सोलन ने पहली बार इस ट्रॉफी पर कब्जा किया। टीम में कुनालप्रीत सिंह, जसकरण सिंह, सेवकप्रीत सिंह, भावतप्रीत सिंह, अमृतजोत सिंह, युगजोत पाल, अंश, प्रीत चौहान, भूपेन्दर मान, अमोलक सिंह और दविंदर कुमार सहित 14 खिलाड़ी शामिल रहे।

अंडर-19 गर्ल्स: 11 से 14 अक्टूबर तक जीएसएसएस मानपुर देवरा, सिरमौर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला सोलन की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने क्वार्टर फाइनल में हमीरपुर को 5-0, सेमीफाइनल में ऊना को 7-0 और फाइनल में सिरमौर को 4-0 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। टीम में पवनदीप कौर, करुणा ठाकुर, कमलप्रीत कौर, अक्षरा, अंशिका, दिया सैनी, एकमप्रीत कौर, साची ठाकुर, सोनाक्षी, तानिया, लवप्रीत कौर, आस्था और परविंदर कौर शामिल रहीं।

अंडर-14 गर्ल्स: इस वर्ग की टीम भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुई है। प्रतियोगिता 26 से 28 अक्टूबर तक जीएसएसएस भटगढ़, मंडी में आयोजित होनी निर्धारित थी। टीम में हिमांशी चंदेल, लविशा, जसमीत कौर, सोनाक्षी, महक प्रीत कौर और मनजोत कौर का चयन हुआ।

स्कूल प्रबंधन ने खिलाड़ियों को दी बधाई

स्कूल के चेयरमैन स. नसीब सिंह, प्रधानाचार्य स. कुलजीत सिंह, स्पोर्ट्स डायरेक्टर स. कुलवंत सिंह, कोच स. दविंदर सिंह, एचओडी/डीपी दलजीत सिंह, परमजीत सिंह और समस्त प्रबंधन ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गुरु नानक पब्लिक स्कूल जगातखाना की यह उपलब्धि न केवल स्कूल बल्कि पूरे सोलन जिले के लिए गर्व का विषय है। हॉकी में लगातार मिल रही सफलताओं ने स्कूल को क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं के एक मजबूत केंद्र के रूप में स्थापित किया है।

Leave a Reply

You missed