हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
नालागढ़, 11 जून। नालागढ़ वन परिक्षेत्र के तहत सैनी माजरा ब्लॉक की टीम ने अवैध कटान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ढेरोवाल में खैर की लकड़ी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा है। वन विभाग ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इसमें उसका एक अन्य साथी भी शामिल बताया जा रहा है।
नालागढ़, 11 जून। नालागढ़ वन परिक्षेत्र के तहत सैनी माजरा ब्लॉक की टीम ने अवैध कटान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ढेरोवाल में खैर की लकड़ी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा है। वन विभाग ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इसमें उसका एक अन्य साथी भी शामिल बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गत रात ब्लॉक अधिकारी तरसेम लाल के नेतृत्व में वन रक्षक पंकज शर्मा, विवेक कुमार, विकास कुमार तथा वन मित्र अनिल और करन की संयुक्त टीम ने घिर-ढेरोवाल मार्ग की ओर से आ रही एक नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर ट्रॉली से खैर की लकड़ी के 22 लॉग बरामद हुए। चालक लकड़ी से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वन विभाग ने मौके पर ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि खैर की लकड़ी सरकारी भूमि से अवैध रूप से काटी गई थी और इसे बेचने के लिए पंजाब ले जाया जा रहा था। विभागीय जांच में यह भी सामने आया कि इसमें एक और व्यक्ति भी शामिल है। वन विभाग ने लकड़ी तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टर का चेसिस नंबर दर्ज कर वाहन को कब्जे में ले लिया है। मामले को लेकर पुलिस थाना नालागढ़ में लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई है तथा वन अधिनियम के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। वन परिक्षेत्र अधिकारी नालागढ़ रोहित ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि वन विभाग द्वारा अवैध कटान और लकड़ी तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने लोगों से आहवान किया कि वह अवैध कटान या तस्करी की सूचना तुरंत वन विभाग को दें और वनों को सुरक्षित रखने में विभाग का सहयोग करें।
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा आगामी जांच जारी है
