Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

सोलन, 24 जुलाई। वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी (सोलन) में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (ATC-241) का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर के दौरान एनसीसी कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना से ओत-प्रोत किया गया।

समापन समारोह में शूलिनी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि “कैडेट हीरे के समान होते हैं, जिन्हें प्रशिक्षण के माध्यम से तराशा जाता है।” उन्होंने कैडेट्स से कड़ी मेहनत करने, जीवन में मिलने वाले प्रत्येक अवसर का भरपूर लाभ उठाने, सकारात्मक सोच बनाए रखने तथा वर्ष के अंत में संभावित एनसीसी प्रमाणपत्र परीक्षाओं की अभी से तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने अपने संबोधन में एकता, अनुशासन और समानता को जीवन की सफलता का मूल मंत्र बताया।

10 दिवसीय शिविर के दौरान कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण पर आधारित विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला। प्रशिक्षण के अंतर्गत ड्रोन एवं उनके उपयोग, हथियारों के विभिन्न भागों की जानकारी, हथियारों की असेंबली एवं डिसअसेंबली, मानचित्र अध्ययन (मैप रीडिंग), अग्नि सुरक्षा, नशा मुक्ति जागरूकता, फील्ड क्राफ्ट तथा बैटल पोजीशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान एवं व्यावहारिक प्रदर्शन कराए गए।

शिविर का प्रमुख आकर्षण फायरिंग रेंज का दौरा रहा, जहां कैडेट्स ने विशेषज्ञों की देखरेख में .22 राइफल से फायरिंग कर हथियार संचालन एवं निशानेबाजी का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।

प्रत्येक सायंकाल विभिन्न कंपनियों के बीच खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिससे कैडेट्स में टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हुई। इसके साथ ही सांस्कृतिक संध्याओं में कैडेट्स ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक समन्वय का परिचय दिया।

शिविर के दौरान चयनित कैडेट्स के लिए ड्रिल स्क्वायर टेस्ट (DST) आयोजित किया गया। वहीं वरिष्ठ वर्ग की वाद-विवाद प्रतियोगिता “सोशल मीडिया और उसके विभिन्न पहलू” विषय पर आयोजित हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए।

समापन समारोह में कमांडिंग ऑफिसर ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रेरणादायी उद्बोधन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने वाईएस परमार विश्वविद्यालय का भी विशेष आभार व्यक्त किया, जिसने अपने परिसर में दो एनसीसी शिविरों के सफल आयोजन हेतु उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराईं। उन्होंने सभी प्रशिक्षकों, स्टाफ सदस्यों और कैडेट्स की प्रतिबद्धता, अनुशासन एवं टीमवर्क की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।

शिविर के समापन पर कैडेट्स उत्साह और नई ऊर्जा के साथ अपने-अपने घरों को लौटे। उन्होंने शिविर में मिले उत्कृष्ट प्रशिक्षण, पौष्टिक भोजन, अनुशासित वातावरण और समग्र अनुभव को अत्यंत प्रेरणादायक एवं यादगार बताया।

Leave a Reply

You missed