- हेमेंद्र गुप्ता प्रधान, सुशील गांधी महासचिव और रमेश शर्मा दूसरी बार बने कैशियर
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
अर्की, 12 अगस्त। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सेवानिवृत्त कल्याण संघ अर्की इकाई की आम बैठक अर्की में आयोजित हुई। बैठक में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत सेवानिवृत्त कल्याण संघ के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंजीनियर जे.सी. शर्मा, कुनिहार यूनिट के प्रधान इंजीनियर रत्न तनवर तथा पर्यवेक्षक आर.एन. कश्यप और रूपेंद्र कौशल की मौजूदगी में वर्ष 2026-28 के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया।
बैठक के दौरान सेवानिवृत्त अधिशाषी अभियंता अमर चंद ठाकुर ने संघ की अर्की इकाई की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने फूलमालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया।
चुनाव प्रक्रिया के बाद हेमेंद्र गुप्ता को प्रधान, सुशील गांधी को महासचिव तथा रमेश शर्मा को लगातार दूसरी बार कैशियर चुना गया। इसके उपरांत प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंजीनियर जे.सी. शर्मा ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
अर्की में विद्युत बोर्ड का अपना भवन बनाने की उठी मांग:-
बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अर्की विधानसभा क्षेत्र में विद्युत बोर्ड का अपना कार्यालय भवन न होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। सदस्यों ने कहा कि वर्ष 1980 से विद्युत बोर्ड का कार्यालय किराये के भवन में चल रहा है, जिसके चलते विभाग को हर वर्ष करीब 24 लाख रुपये किराये के रूप में खर्च करने पड़ रहे हैं। संघ ने हिमाचल प्रदेश सरकार और विद्युत विभाग से अर्की में विद्युत बोर्ड का अपना भवन बनाने की मांग की। इसके अलावा बैठक में पेंशनरों के 1 जनवरी 2016 से देय एरियर का भुगतान करने तथा 15 प्रतिशत महंगाई भत्ते की घोषणा 15 अगस्त 2026 को करने की मांग भी प्रदेश सरकार के समक्ष रखी गई।
