
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 15 अगस्त। डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर हरमिंदर सिंह बवेजा ने डॉ. एल.एस. नेगी सभागार परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वैधानिक अधिकारी, विभागाध्यक्ष, एनसीसी अधिकारी तथा विश्वविद्यालय की विभिन्न कर्मचारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित परेड में विश्वविद्यालय के 97 एनसीसी कैडेट्स, 32 एनएसएस स्वयंसेवकों और 42 स्काउट्स ने हिस्सा लिया। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय में कार्यरत 22 सुरक्षाकर्मियों की टुकड़ी ने भी परेड में भाग लिया। कुलपति प्रो. बवेजा ने परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली।
अपने संबोधन में प्रो. बवेजा ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के अथक प्रयासों और निस्वार्थ बलिदान के परिणामस्वरूप ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की प्रमुख और तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और देश विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कुलपति ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का आनंद लेने का अवसर नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझने का भी संदेश देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में योगदान देने की अपील की।
प्रो. बवेजा ने विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय कृषि, बागवानी और वानिकी क्षेत्रों में अनुसंधान, शिक्षा और प्रसार गतिविधियों के माध्यम से कृषक समुदाय के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि बदलते समय की आवश्यकताओं को देखते हुए विद्यार्थियों को अपनी सोच को सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि नए कौशल विकसित करने, नवाचार और उद्यमिता को अपनाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में नए विचारों और उद्यमशील दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में एकल गीत एवं नृत्य, समूह गीत एवं नृत्य तथा स्किट सहित विभिन्न प्रस्तुतियां शामिल रहीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा और उत्साहपूर्वक आनंद लिया।
