Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

नालागढ़, 15 अगस्त। उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र आहलूवालिया आज पुराने बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल नालागढ़ के खेल मैदान में आयोजित उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने इस अवसर पर शहीद स्मारक स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने तदोपरांत सलामी मंच पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित जनसमूह को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पुलिस दल, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की विभिन्न टुकड़ियों ने जोश और उत्साह के साथ मार्चपास्ट प्रस्तुत कर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता एवं देशभक्ति की भावना का परिचय दिया।

नरेंद्र आहलूवालिया ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों और अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र एवं लोकतांत्रिक भारत में जीवन व्यतीत कर रहे हैं, उसके पीछे असंख्य वीरों का त्याग, संघर्ष और बलिदान है।

उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वह अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करें तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से स्वयं दूर रहते हुए समाज को भी इससे मुक्त करने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं की सकारात्मक सोच एवं सक्रिय भागीदारी से ही विकसित और सशक्त भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

इस अवसर पर नालागढ़ उपमण्डल के अंतर्गत आने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीद परिवारों के सदस्यों को, समाज सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाजसेवियों, अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा समारोह को सफल बनाने में योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक नालागढ़ भीष्म सिंह ठाकुर, तहसीलदार नालागढ़ हुसन चंद, नगर परिषद नालागढ़ की अध्यक्ष अलका बुधवार, उपाध्यक्ष राजेश शर्मा, खण्ड कांग्रेस नालागढ़ के अध्यक्ष बाबूराम चौहान, ज़िला परिषद सदस्य योगेश्वर सिंह राणा सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षण संस्थानों के शिक्षक एवं विद्यार्थी तथा स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

You missed