
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
अर्की, 09 सितंबर। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान 3.0 के अंतर्गत ग्राम पाट्टी, पंचायत सानन, तहसील अर्की में महिलाओं के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एचआईवी/एड्स, सिफलिस, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी एवं टीबी जैसी संक्रामक बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करना था।
खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में सिविल अस्पताल अर्की के एचआईवी काउंसलिंग एवं टेस्टिंग सर्विसेज के काउंसलर डॉ. विजय कुमार शांडिल ने महिलाओं को एचआईवी संक्रमण, इसके बचाव, जांच और उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एचआईवी संक्रमित व्यक्ति के साथ सामान्य सामाजिक संपर्क से संक्रमण नहीं फैलता तथा समय पर जांच करवाना स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में करीब 48 महिलाओं सहित अन्य प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस दौरान महिलाओं को सिफलिस, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और टीबी के लक्षणों, बचाव और उपचार के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही हेपेटाइटिस-बी से बचाव के लिए टीकाकरण के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं के पोषण और एनीमिया पर भी चर्चा की गई। महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने, आयरन युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन बढ़ाने तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां लेने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने महिलाओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा समुदाय में भी एचआईवी जांच, संक्रमण से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाएं। अभियान 12 अगस्त से 12 अक्टूबर 2026 तक जिले में विभिन्न स्थानों पर जारी रहेगा।
