हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
बिलासपुर, 05 नवंबर। जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में जिला योजना एवं जनजातीय विकास विभाग के तत्वावधान में आयुष विभाग द्वारा वीरवार को ग्राम पंचायत टोबा में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इस बारे जानकारी देते हुए बताया कि जिला योजना अधिकारी अनुज ठाकुर ने बताया कि जनजातीय क्षेत्रों में जन कल्याणकारी गतिविधियों और विभिन्न विभागों के माध्यम से स्वास्थ्य एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में 100 से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। आयुष विभाग के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ-साथ निशुल्क दवाइयां भी वितरित कीं।
शिविर के दौरान लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योगाभ्यास करने तथा विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त आयुष विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की जानकारी भी विस्तारपूर्वक प्रदान की गई।
शिविर में आयुष विभाग की ओर से डॉ. अर्चना शारदा, डॉ. कुलदीप कुमार, डॉ. गगनदीप (एएमओ), विपिन कुमार (एपीओ), अशोक कुमार (सीएल) तथा योग प्रशिक्षक अवतार सिंह, ग्राम पंचायत टोबा के प्रधान हरजीत सिंह, वार्ड सदस्य दर्शाना देवी, वार्ड सदस्य ज्ञान चंद तथा वरिष्ठ नागरिक लाल चंद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
