
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 12 नवंबर। संयुक्त संघर्ष समिति (ज्वाइंट एक्शन कमेटी) के आह्वान पर आज सोलन में जिलाधीश कार्यालय परिसर में विभिन्न विभागों के पेंशनरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। जिला सोलन ज्वाइंट एक्शन कमेटी के महासचिव विद्यासागर शर्मा की अगुवाई में आयोजित इस प्रदर्शन में सरकारी विभागों, एचआरटीसी, वित्तीय निगम, बिजली बोर्ड और कॉरपोरेट सेक्टर के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भाग लिया।
इस दौरान पेंशनरों ने सरकार के प्रति नाराजगी जताते हुए पे-रिवीजन के वित्तीय लाभ, लंबित मेडिकल बिलों के भुगतान, महंगाई भत्ते की किस्तों और पिछले करीब 35 महीनों से लंबित एरियर को जल्द जारी करने की मांग उठाई।
वक्ताओं ने कहा कि पेंशनरों की 18 सूत्रीय मांगों का मांग पत्र सरकार को पहले ही सौंपा जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने सरकार से सभी लंबित वित्तीय लाभ जल्द जारी करने और अन्य समस्याओं का समाधान संयुक्त कमेटी के साथ बातचीत के माध्यम से करने की मांग की।
यह जानकारी संयुक्त पेंशनर संघ के प्रेस सचिव अशोक टंडन ने दी।
