
- जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए दोनों स्पर्धाओं से 10-10 प्रतिभागियों का चयन
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
घुमारवीं, 13 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता जागरूकता एवं लोकतांत्रिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, घुमारवीं में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तरीय प्रश्नोत्तरी एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिताओं में विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के उपरांत प्रश्नोत्तरी एवं निबंध लेखन, दोनों स्पर्धाओं से 10-10 प्रतिभागियों का चयन आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया गया।
इस अवसर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम घुमारवीं अभिषेक बरवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व तथा मतदाता जागरूकता की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है तथा युवाओं की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने, अपने मताधिकार के महत्व को समझने तथा समाज में निष्पक्ष एवं जागरूक मतदान के प्रति लोगों को प्रेरित करने का आह्वान किया।
