
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 15 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर के लिप्पा गांव निवासी भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश मीडिया सचिव एवं हिमालयन जनजातीय लोक अधिकार महासंघ के प्रदेश सचिव बाबू राम नेगी ने प्रेस बयान जारी कर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और जननायक थे। आदिवासी समाज उन्हें धरती आबा के नाम से पूजता है। उनका जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू गांव में हुआ था। केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।
बाबू राम नेगी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जनजातीय समाज के विकास और उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 17 मंत्रालयों को शामिल करना जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर के महान व्यक्तित्व ठाकुर सैन नेगी के योगदान को भी याद किया। उन्होंने बताया कि ठाकुर सैन नेगी ने लाहौर से कृषि में बीएससी और एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की थी। उन्होंने बुशहर रियासत में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान रॉयल इंडियन नेवी में कमीशन अधिकारी के रूप में कार्य करने के बाद उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया और वर्ष 1961 में आईएएस अधिकारी बने। उन्होंने बताया कि वर्ष 1979 में ठाकुर सैन नेगी ने न्यूजीलैंड की राजधानी वेलिंगटन में आयोजित राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था। इसके अलावा उन्होंने भेड़-बकरी पालकों की चराई संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष परमिट की व्यवस्था का समर्थन किया। उनके सम्मान में हिमाचल सरकार ने वर्ष 2012 में ठाकुर सैन नेगी उत्कृष्ट छात्रवृत्ति योजना शुरू की, जिसके तहत 100 छात्र और 100 छात्राओं को छात्रवृत्ति देने का प्रावधान किया गया।
बाबू राम नेगी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 10 अक्तूबर 1999 को जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन कर जनजातीय समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास के लिए अलग व्यवस्था की शुरुआत की। इसके बाद 19 फरवरी 2004 को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का गठन किया गया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा से लेकर ठाकुर सैन नेगी जैसे महापुरुषों का योगदान जनजातीय समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। इनके संघर्ष, विचारों और कार्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
