Spread the love

                          हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
अर्की, 17 नवंबर। सोलन जिले के अर्की उपमंडल के दाड़लाघाट क्षेत्र में पशुओं में फैल रही लंपी स्किन डिजीज (एलएसडी) जैसी बीमारी का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले कुछ दिनों के मुकाबले बीमारी के मामलों में कुछ कमी जरूर आई है, लेकिन अभी भी कई पशु इसकी चपेट में हैं और पशुओं की मौत का सिलसिला जारी है। इससे क्षेत्र के पशुपालकों में चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, इस बीमारी के कारण नौणी और गवाह गांव में कई पशुपालकों की गायों की मौत हो चुकी है। गांव नौणी में कुलदीप ठाकुर, रामलाल और नंदलाल की गायों ने दम तोड़ दिया, जबकि गवाह गांव में मनसा राम और प्यारे लाल की गाय की मौत हुई है। दुधारू पशुओं की मौत से प्रभावित परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अभी भी कई पशु बीमारी से जूझ रहे हैं। समय पर उपचार और मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध न होने के कारण पशुपालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पशुपालक जयदेव ठाकुर, प्रदीप, प्रेम केशव, बाबू राम, रामलाल, जय चंद, भीमचंद, धर्म सिंह, धर्मपाल, रमेश चंद, नंदलाल, हरीश, मनोहर लाल, नथु राम, रमेश और हरीकृष्ण सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से प्रभावित गांवों में पशुपालन विभाग की विशेष मेडिकल टीमें भेजने की मांग की है।

पशुपालकों ने मांग उठाई है कि प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं की जांच और उपचार के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जाए, ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके और अन्य पशुओं को बचाया जा सके।

विभाग का दावा, स्थिति नियंत्रण में:- 

वहीं, इस संबंध में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. देवराज शर्मा ने बताया कि अर्की उपमंडल में एलएसडी (लंपी स्किन डिजीज) का टीकाकरण पूरा किया जा चुका है और वर्तमान में बीमारी की स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे घबराएं नहीं तथा अपने पशुओं की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। यदि किसी पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई देते हैं तो तुरंत पशुपालन विभाग से संपर्क कर उसका उपचार करवाएं।

हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि प्रभावित गांवों में अभी भी कई पशु बीमार हैं, ऐसे में विभाग को जमीनी स्तर पर निगरानी और उपचार व्यवस्था और मजबूत करने की जरूरत है।

Leave a Reply

You missed