हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 18 नवंबर। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद हिमाचल प्रदेश-सोलन द्वारा राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजना (NPEP) के अंतर्गत राज्य स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT), नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के सभी 10 जिलों की टीमों ने भाग लेकर प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक नृत्य शैलियों और सामाजिक जागरूकता के संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में किन्नौर जिले की देवी चंद्रिका राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। अब यह टीम राष्ट्रीय स्तर की लोकनृत्य प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। वहीं, मंडी जिले की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालीचौकी की टीम ने दूसरा तथा कांगड़ा जिले की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटला की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, जनसंख्या एवं विकास से जुड़े मुद्दों, जीवन कौशल, सामाजिक मूल्यों तथा जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। वर्ष 2026 की प्रतियोगिता के लिए पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ विकास एवं जीवनशैली, भावनात्मक कल्याण एवं मानसिक स्वास्थ्य, पारस्परिक संबंध, मूल्य एवं जिम्मेदार नागरिकता, लैंगिक समानता, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, नशे के दुरुपयोग की रोकथाम, प्रजनन स्वास्थ्य एवं एचआईवी की रोकथाम, हिंसा एवं चोटों से सुरक्षा तथा इंटरनेट, गेमिंग एवं मीडिया के सुरक्षित उपयोग जैसे विषय निर्धारित किए गए थे।
प्रतिभागी टीमों ने हिमाचल प्रदेश की पारंपरिक लोकनृत्य शैलियों, रंग-बिरंगी वेशभूषा और संगीत के सुंदर संयोजन के माध्यम से इन विषयों को आकर्षक एवं संदेशपरक अंदाज में प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों का मूल्यांकन विषयवस्तु की समझ, जीवन कौशल का प्रदर्शन, निर्णयों से जुड़े प्रश्नों के उत्तर तथा विषय का सार प्रस्तुत करने जैसे निर्धारित मानदंडों के आधार पर किया गया।
कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय सवाथू के प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद हिमाचल प्रदेश-सोलन की प्राचार्या डॉ. रितु शर्मा सोनी ने की। निर्णायक मंडल में हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध लोक कलाकार एवं संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित डॉ. गोविंद हस्वी, श्रीमती मीना केतन साहू तथा डॉ. मानदीप शर्मा शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने निर्धारित मानदंडों के अनुसार सभी टीमों की प्रस्तुतियों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया।
मुख्य अतिथि डॉ. राजेंद्र कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि लोकनृत्य हमारी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम होने के साथ-साथ सामाजिक एवं शैक्षिक संदेशों के प्रसार का भी सशक्त जरिया है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए इस प्रकार की गतिविधियों को उनके सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. रितु शर्मा सोनी ने सभी प्रतिभागियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में समन्वयक डॉ. वंदना देवी तथा सह-समन्वयक डॉ. कपिल शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद हिमाचल प्रदेश-सोलन का समस्त स्टाफ, विभिन्न जिलों से आए शिक्षक एवं प्रतिभागी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण एवं सांस्कृतिक वातावरण में हुआ। प्रतियोगिता ने लोककला एवं सांस्कृतिक विरासत को शिक्षा, जीवन कौशल तथा सामाजिक जागरूकता से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया।
