Spread the love

निर्वाचन साक्षरता क्लब के बैनर तले आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के 104 विद्यार्थियों ने लिया भाग

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

नालागढ़, 18 नवंबर। युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों और चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उपमंडल विधानसभा निर्वाचन नालागढ़ की ओर से राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में निर्वाचन साक्षरता क्लब के बैनर तले निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के 104 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का आयोजन दो चरणों में किया गया। इसके सफल संचालन और मूल्यांकन के लिए निर्वाचन रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से एक कमेटी गठित की गई थी, जिसमें डॉ. नरेश कुमार, डॉ. दिलीप बाली, अनिता कुमारी एवं ध्यान सिंह को शामिल किया गया।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘मतदान का महत्व’ और ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए अपनी तार्किक क्षमता और वैचारिक समझ का परिचय दिया। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में निर्वाचन प्रणाली एवं भारतीय संविधान से संबंधित सवाल पूछे गए, जिनका प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ जवाब दिया।
दोनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10-10 प्रतिभागियों का चयन किया गया है। इस प्रकार कुल 20 मेधावी छात्र-छात्राओं को आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चुना गया है।
निर्वाचन साक्षरता क्लब के समन्वयक गोपी चंद डोगरा ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की बौद्धिक एवं वैचारिक क्षमता को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के अधिकार और चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूक बनाती हैं। इससे युवा भविष्य में जिम्मेदार एवं जागरूक मतदाता के रूप में अपनी भूमिका निभा सकेंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपमंडल प्रशासन नालागढ़ और राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ के प्राचार्य डॉ. ललित कुमार गुलेरिया ने सभी चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

You missed