सोलन, 22 अप्रैल। पी एन एन एम गीता आदर्श विद्यालय में विश्व पृथ्वी दिवस “हमारी शक्ति हमारी धरती “थीम पर हर्षोल्लास सहित मनाया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. स्नेह शर्मा,सह प्रधानाचार्या श्रीमती पंपोंश गुप्ता, अध्यापक गण तथा विद्यार्थी समूह मौजूद रहे। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय में शैक्षणिक, सांस्कृतिक, सामाजिक तथा खेलकूद संबंधी गतिविधियां करवाई जाती है। इस कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 200 ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ नन्हे -नन्हे बच्चों द्वारा ‘एक छोटा बीज जमीन के अंदर’ नृत्य द्वारा किया गया । जलवायु परिवर्तन तथा सिंगल यूज प्लास्टिक आदि विषयों पर अंतरसदनीय वाद -विवाद प्रतियोगिता करवाई गई जिसमें विद्यार्थियों ने उपर्युक्त विषयों के पक्ष तथा विपक्ष पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस प्रतियोगिता में कृष्णा सदन से जागृति और रिद्धि विजयी रहे। बच्चों ने पेड़, धरती, पानी ,वायु आदि किरदारों को बखूबी निभाकर पर्यावरण स्वच्छता का संदेश दिया । विद्यालय की प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को विश्व पृथ्वी दिवस पर पर्यावरण तथा प्रकृति के प्रति उनकी जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि पेड़ लगाने से पेड़ बचाने तक, साथ मिलकर कार्य कर,हम आने वाली पीढ़ियों के लिए हरी-भरी स्वच्छ और अधिक सुंदर दुनिया बना सकते हैं। हम सभी को पृथ्वी तथा पर्यावरण संरक्षित करने हेतु अपना -अपना दायित्व निभाना चाहिए। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेवारी निभाने के लिए शपथ दिलवा कर किया गया।
