Spread the love

 

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

अर्की, 25 अप्रैल। अर्की क्षेत्र में विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को मलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति सचेत करना तथा इसके बचाव और समय पर उपचार के बारे में जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम का आयोजन सिविल अस्पताल अर्की द्वारा किया गया, जो कि स्वास्थ्य विभाग, हिमाचल प्रदेश के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत संचालित हुआ।
यह कार्यक्रम ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी के नेतृत्व में आयोजित किया गया!
इस अवसर पर डॉ. विजय कुमार शांडिल, काउंसलर  सिविल अस्पताल अर्की ने उपस्थित लोगों को मलेरिया के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मलेरिया संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द, उल्टी और शरीर में दर्द शामिल हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि यदि ऐसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच करवाएं और डॉक्टर की सलाह अनुसार उपचार लें।
डॉ. शांडिल ने यह भी बताया कि मलेरिया से बचाव के लिए सरल उपाय अपनाए जा सकते हैं, जैसे कि रात में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करना, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनना, मच्छर भगाने वाली क्रीम या रिपेलेंट का प्रयोग करना तथा घरों में नियमित रूप से कीटनाशक का छिड़काव करवाना। उन्होंने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और बच्चों को अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी, क्योंकि ये वर्ग मलेरिया से अधिक प्रभावित हो सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, जल स्रोतों को ढककर रखने तथा कूलर, गमलों और टंकियों में पानी जमा न होने देने के बारे में भी जागरूक किया गया। इसके साथ ही उपस्थित लोगों को मलेरिया से संबंधित पंपलेट्स और जानकारी सामग्री भी वितरित की गई।
अंत में सभी से आवाहन किया कि वे इस संदेश को अपने परिवार और समुदाय तक पहुंचाएं, ताकि सामूहिक प्रयासों से मलेरिया मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके। उन्होंने कहा कि “जागरूकता ही बचाव है” और यदि हम सभी मिलकर प्रयास करें तो मलेरिया जैसी बीमारी को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।

Leave a Reply

You missed