Spread the love

दो दर्जन गांवों के लोगों ने कंपनी गेट के समीप किया विरोध प्रदर्शन
                               हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
नालागढ़, 27 अप्रैल।। नालागढ़ के पलासड़ा क्षेत्र में संचालित एक कंपनी के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। आरोप है कि उद्योग के प्रदूषण से प्रभावित करीब दो दर्जन गांवों के लोगों ने सोमवार को कंपनी गेट के समीप जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लंबे समय से समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने अब संघर्ष का रास्ता अपनाते हुए सांकेतिक धरना दिया।
इस प्रदर्शन में विभिन्न पर्यावरण और सामाजिक संस्थाओं के साथ सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए। क्षेत्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए विधायक हरदीप सिंह बावा और पूर्व विधायक लखविंद्र राणा भी ग्रामीणों के समर्थन में धरने में पहुंचे और उनकी मांगों को जायज ठहराया।
जानकारी अनुसार प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी से निकलने वाली जहरीली गैस और दूषित हवा के कारण इलाके में रहना दूभर हो गया है। लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है और कई परिवार अपने घर छोड़ने को मजबूर हो चुके हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्र के लोग गंभीर बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं।
विधायक हरदीप सिंह बावा ने कहा कि आज क्षेत्र के लोग एक गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं और यह केवल पर्यावरण का ही नहीं बल्कि लोगों के स्वास्थ्य का भी बड़ा मुद्दा बन चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की इस समस्या को देखते हुए वह पूरी तरह से ग्रामीणों के साथ खड़े हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के हकों की रक्षा के लिए जो भी आवश्यक कदम उठाने पड़ेंगे, वह उठाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने प्रशासन से भी मांग की कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द इसकी जांच करवाई जाए । बावा ने कहा कि जनता की सुरक्षा और स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जा सकता और इस मुद्दे को वह विधानसभा तक भी उठाएंगे, ताकि स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
पूर्व विधायक लखविंदर राणा, समाजसेवी हरप्रीत सैनी, हिम परिवेश संस्था व हंडूर पर्यावरण संस्था के पदाधिकारी बालकृष्ण शर्मा, नराता राम, हरदीप सिंह, रणजोध सिंह, मोहन शर्मा, इंदू वैद्य समेत अन्य पदाधिकारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि कंपनी से फैल रहे प्रदूषण से लोगों के स्वास्थ्य को खतरा पैदा हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि चार से पाँच किलोमीटर एरिया के दो दर्जन से अधिक गांव के लोग उक्त कंपनी के प्रदूषण से प्रभावित हैं और घरों में रहना मुश्किल हो चुका है।

Leave a Reply

You missed