
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन: सोलन के धर्मपुर क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहाँ गुलहाड़ी गाँव में एक परिवार का आशियाना आग की भेंट चढ़ गया था। लेकिन इस आपदा की घड़ी में ‘सेवा भारती’ उम्मीद की किरण बनकर सामने आई है। दरअसल धर्मपुर क्षेत्र के गुलहाड़ी गाँव में निवासी दयाल के घर में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हो गया था और इस भीषण अग्निकांड में उनका पूरा घर और घर का सारा सामान इस अग्निकांड में जलकर राख हो गया। जिससे परिवार के सामने गंभीर संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। वहीं घटना की सूचना मिलते ही सेवा भारती डगशाई, सोलन की टीम तत्काल सक्रिय हो गई और बिना विलंब किए घटनास्थल पर पहुँचकर पीड़ित परिवार की सहायता की। संस्था की ओर से आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध करवाई गई। जिसमें कपड़े, रजाइयाँ, कंबल, गद्दे, बेडशीट्स, रसोई के बर्तन सहित अन्य दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएँ शामिल थीं। सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने बताया कि हमारी संस्था सदैव आपदा एवं संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों के साथ हमेशा खड़ी रहती है और आगे भी हर संभव सहायता प्रदान करती रहेगी। इस सेवा कार्य में सोलन जिला अध्यक्ष परमिंदर, जिला कोषाध्यक्ष अशोक वर्धन, कृष्ण ठाकुर, आशीष अत्री, मनोज ठाकुर, राहुल तथा सेवा भारती डगशाई छात्रावास के संचालक अनिल ठाकुर स्वयं उपस्थित रहे और पीड़ित परिवार को राहत सामग्री प्रदान की। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने सेवा भारती डगशाई के इस सराहनीय कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे मानवता और सेवा भावना की उत्कृष्ट मिसाल बताया। उल्लेखनीय है कि सेवा भारती संस्था आपदा के समय समाज में सेवा कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती रही है।
