Spread the love

 

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

सिरमौर, 07 मई। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर की देवामानल पंचायत से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक खड्ड में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ दी है और पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

बाक्स:-     छोटे भाई को बचाने के चक्कर में बड़ा भी डूबा:-

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1:00 बजे 8 वर्षीय आयान और 9 वर्षीय अभिनव अपने पिता प्रवीण के साथ खड्ड के किनारे गए थे। पिता जब काम में व्यस्त थे, तभी अचानक तंग रास्ते से पैर फिसलने के कारण छोटा भाई आयान खड्ड में जा गिरा। उसे डूबता देख बड़े भाई अभिनव ने साहस दिखाते हुए उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इस प्रयास में वह भी गहरे पानी की चपेट में आ गया। दोनों मासूम काफी देर तक एक-दूसरे को बचाने के लिए संघर्ष करते रहे, लेकिन अंततः काल के ग्रास बन गए।

बाक्स:-     मौके पर तैरते मिले शव:-

हादसे का पता पिता को कुछ देर बाद चला। जब वे मौके पर पहुँचे, तो दोनों बच्चों के शव पानी में तैर रहे थे। आनन-फानन में 108 एंबुलेंस की मदद से बच्चों को नौहराधार अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि प्रवीण के ये दो ही बेटे थे और इस हादसे में उन्होंने अपने दोनों बच्चों को खो दिया है।

बाक्स:-     प्रशासन ने दी फौरी राहत:-

पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। फिलहाल परिजनों ने किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है, फिर भी पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। वहीं, तहसीलदार नौहराधार विनोद कुमार ने बताया कि प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान कर दी गई है।

 

 

 

Leave a Reply

You missed