Spread the love
हैप्पी हिमाचल संवाददाता
रिकांगपिओ,14 मई।  बुधवार को कार्यकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ सुधीर नेगी ने आज यहां बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य आसूचना ब्यूरो स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के दल ने जनजातीय जिला किन्नौर का भ्रमण किया।
केंद्रीय दल का नेतृत्व श्रीमती दीक्षा सचदेवा, उप निदेशक, केंद्रीय स्वास्थ्य आसूचना ब्यूरो द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त, केंद्रीय दल में श्री अभिषेक सिंह, कनिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी तथा श्री शेष कुमार मौर्या, कनिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय दल ने जिले में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों के संधारण, स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर कार्यकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुधीर नेगी द्वारा केंद्रीय टीम का स्वागत किया गया तथा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं स्वास्थ्य सूचनाओं के बेहतर प्रबंधन हेतु किए जा रहे प्रयासों से केंद्रीय दल के प्रतिनिधियों को अवगत करवाया।
केंद्रीय दल ने जिला स्वास्थ्य अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, डाटा प्रबंधन एवं अनुवीक्षण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ सुधीर नेगी ने बताया कि केंद्रीय दल ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में भी स्वास्थ्य सूचनाओं की गुणवत्ता एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने पर प्रकाश डाला।

Leave a Reply

You missed