Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

शिमला, 16 मई।  हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के हिंदी विभाग द्वारा निरंतर व्याख्यान श्रृंखला के अंतर्गत “डिजिटल युग में पुस्तकालय की भूमिका और उपयोग” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. भवानी सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। व्याख्यान के मुख्य वक्ता विश्वविद्यालय के उप-पुस्तकालय अध्यक्ष श्री एम.एल. शर्मा रहे। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. नरेश कुमार थे। इस अवसर पर डॉ. शोभा रानी, डॉ. सुनीता ठाकुर सहित विभाग के शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. नरेश कुमार द्वारा मुख्य वक्ता, विभागाध्यक्ष एवं उपस्थित प्राध्यापकगण के स्वागत से किया गया। अपने व्याख्यान में श्री एम.एल. शर्मा ने डिजिटल युग में पुस्तकालयों की बदलती भूमिका, उनकी आधुनिक उपयोगिता तथा ज्ञान-संप्रेषण में उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आज पुस्तकालय केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ज्ञान एवं सूचना के डिजिटल केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं। उन्होंने “Library for Everyone” की अवधारणा को रेखांकित करते हुए ज्ञान की सर्वसुलभ पहुँच को आवश्यक बताया।

उन्होंने पुस्तकालय विज्ञान के जनक पद्मश्री डॉ. एस.आर. रंगनाथन के पाँच सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए बताया कि ये सिद्धांत आज भी पुस्तकालय व्यवस्था की आधारशिला हैं। साथ ही उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय पुस्तकालय की स्थापना, उसकी विशेष संरचना तथा वहाँ उपलब्ध प्रिंट एवं डिजिटल संसाधनों की जानकारी दी। उन्होंने INFLIBNET, Shodhganga, Shodhgangotri तथा DELNET जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्मों की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला।

व्याख्यान के अंत में विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने विषय से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य वक्ता ने सरल एवं प्रभावी ढंग से समाधान किया। कार्यक्रम ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा।

मीडिया प्रभारी :

रवि कांत (शोधार्थी)

हिंदी विभाग

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला।

Leave a Reply

You missed