Spread the love

नालागढ़, 17 मई। उप कारागार किशनपुरा (नालागढ़) में ड्यूटी पर तैनात जेल वार्डर और बीच-बचाव करने आए हवलदार पर पांच बंदियों द्वारा जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस थाना मानपुरा में पांचों बंदियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और प्रिजन्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

ड्यूटी के दौरान किया अचानक हमला:-

पुलिस को दी शिकायत में उप कारागार किशनपुरा में तैनात जेल वार्डर रोहित कुमार (पुत्र श्री हंसराज, निवासी गांव थाची, जिला मंडी) ने बताया कि 16 मई 2026 को वे जेल में निगरानी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान जेल में बंद पांच बंदियों—सूर्यातेज (पुत्र ईश्वर), दीपक (पुत्र दिलबाग), सुनील (पुत्र सुरेन्द्र), गुरचरण (पुत्र कमल) और गगन (पुत्र विनोद) ने एकजुट होकर अचानक उन पर हमला कर दिया। इस हमले में रोहित कुमार के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।

बीच-बचाव करने आए हवलदार को भी पीटा:-

शिकायत के अनुसार, जब वार्डर रोहित कुमार को बचाने के लिए हवलदार नन्दलाल मौके पर पहुंचे, तो उक्त बंदियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे वे भी चोटिल हो गए। इसके बाद मौके पर पहुंचे अन्य ड्यूटी कर्मियों ने स्थिति पर काबू पाया। आरोपियों पर सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मानपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

You missed