हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
नालागढ़, 25 मई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए नालागढ़ पुलिस ने HRTC बस चालक और परिचालक के साथ मारपीट व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस संबंध में पुलिस थाना नालागढ़ में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
ओवरटेक को लेकर हुआ विवाद:-
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 23 मई 2026 की है, जब शिमला से बैजनाथ रूट पर जा रही HRTC बस (नंबर HP64-7440) ने एक कार को ओवरटेक किया। इसके बाद कार सवार व्यक्तियों और बस स्टाफ के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कार सवारों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और खेड़ा के पास बस को जबरन रुकवा दिया।
चालक-परिचालक से मारपीट और तोड़फोड़:-
आरोपियों ने बस को रोकने के बाद चालक अमर चंद और परिचालक सुमित शर्मा के साथ बुरी तरह मारपीट की। इस हंगामे के दौरान आरोपियों ने सरकारी बस के शीशे भी तोड़ दिए, जिससे सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद घायल चालक और परिचालक का मेडिकल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नालागढ़ में करवाया गया।
पुलिस की कार्रवाई:-
नालागढ़ पुलिस ने शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ:
भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 126(2), 121(1), 118(1) सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम (PDP Act) की धारा 03 के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
–
