
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 02 जून। लोकतंत्र के महापर्व में हार-जीत तो एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, लेकिन कुछ उम्मीदवार अपने व्यवहार और सकारात्मक सोच से चुनाव परिणामों से भी बड़ी लकीर खींच देते हैं। ऐसा ही कुछ नज़ारा इन दिनों चेवा पंचायत में देखने को मिल रहा है। यहाँ बेहद करीबी और कड़े मुकाबले में प्रधान पद का चुनाव हारने वाले प्रत्याशी मुकेश ठाकुर ‘रॉकी’ अपनी हार के बावजूद हर तरफ चर्चा और प्रशंसा का केंद्र बने हुए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ भावुक आभार संदेश:-
चुनाव परिणाम घोषित होने के दो दिन बाद मुकेश ठाकुर ‘रॉकी’ द्वारा जारी किया गया एक पोस्टर और उनका भावुक आभार संदेश क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। आमतौर पर चुनाव हारने के बाद उम्मीदवारों में मायूसी या विरोधियों के प्रति तल्खी देखी जाती है, लेकिन रॉकी ने इसके विपरीत एक नई मिसाल पेश की है। उन्होंने अपने संदेश में न केवल अपने समर्थकों का आभार जताया, बल्कि उन मतदाताओं का भी धन्यवाद किया जिन्होंने उन्हें वोट नहीं दिया था। उनके इस सौहार्दपूर्ण कदम ने विरोधियों का भी दिल जीत लिया है।
“जनता से मेरा रिश्ता वोटों का नहीं, दिलों का है”
रॉकी ने अपने पोस्टर के जरिए जनता के प्रति अपनी अटूट निष्ठा व्यक्त की है। उन्होंने लिखा:-
“हार-जीत तो चुनाव का एक हिस्सा मात्र है, लेकिन चेवा पंचायत की जनता के साथ मेरा रिश्ता वोटों का नहीं, बल्कि दिलों का है। मैं इस माटी का बेटा हूँ और हमेशा रहूँगा।”
उन्होंने आगे भरोसा दिलाया कि सेवा का उनका संकल्प चुनाव के नतीजों से कमजोर नहीं होगा। क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में वह हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।
जनता का प्यार ही सबसे बड़ी पूंजी, दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे:-
मुकेश ठाकुर ‘रॉकी’ ने अपने संदेश में साफ किया कि पंचायत के लोगों के लिए उनके दरवाजे पहले की तरह ही चौबीसों घंटे खुले रहेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम चाहे जो भी रहा हो, लेकिन जनता से जो प्यार और विश्वास उन्हें मिला है, वही उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि जनहित और विकास के जो भी कार्य उनके सामर्थ्य में होंगे, उन्हें वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करते रहेंगे।
बेहद रोमांचक रहा था चेवा पंचायत का मुकाबला:-
गौरतलब है कि इस बार चेवा पंचायत का चुनाव शुरू से ही बेहद रोचक और हाई-प्रोफाइल रहा था। पूरे चुनाव अभियान के दौरान राजनीतिक सरगर्मियां अपने चरम पर थीं। मतदान के बाद जब नतीजे आए, तो मुकाबला बेहद कांटे का और नजदीकी अंतर वाला साबित हुआ।
भले ही चुनावी गणित में मुकेश ठाकुर ‘रॉकी’ कुछ वोटों से पीछे रह गए हों, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद उनके इस सकारात्मक और गरिमामय व्यवहार ने साबित कर दिया है कि राजनीति में बड़प्पन और जनता के प्रति प्रेम ही सबसे बड़ी जीत है। स्थानीय लोग अब खुलकर कह रहे हैं कि “रॉकी चुनाव भले ही हार गए हों, लेकिन लोगों का दिल जीतने में वह सबसे आगे रहे।”
