खेड़ा ए, चंडीगढ़, शामली, नकोदर व रोहतांवाला ने अपने अपने मैच जीत कर अगले दौर में प्रवेश किया
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
बद्दी, 11 अप्रैल। खेडा चक गांव में शहीद सुबेदार तारा चंद की स्मृति में आयोजित प्रो कबड्डी टूर्नामेंट शुरू हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्मचारी बीमा निगम के क्षत्रीय प्रबंधक कर्नल मंजीत कटोच ने ध्वजारोहण कर खेलों की शुरुआत की। प्रतियोगिता में उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भाग ले रहे है।
शनिवार को हुए उद्घाटन मैच में खेड़ा ए जीत दर्ज की। खेड़ा ए ने माजरी को टीम को पराजित किया। चंडीगढ़ ने मज्फरनगर, कोहूनर अकादमी ने सनेड़, यूपी की शामली टीम ने चंडीगढ़, पंजाब के नकोदर ने हरियाणा के मंगोली को हराया। रोहतांवाला की टीम ने खेलो इंडिया सेंटर राजपूरा को हरा कर अगले दौर में प्रवेश किया।
कर्नल कटोच ने शहीद तारा चंद की प्रतिमा पर पुष्पाजंलि कर उन्हें सलामी दी। इसके बाद उन्होंने खेलकूद प्रतियोगिाता का शुभारंभ किया। उन्होंने “जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान” का नारा बुलंद करते हुए खेलों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेलों से स्वस्थ शरीर और मस्तिष्क का विकास होता है, और स्वस्थ व्यक्ति ही राष्ट्र और परिवार निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ-साथ शहीद सुबेदार तारा चंद स्पोर्ट्स क्लब खेडा के प्रधान अनिल ठाकुर और उनकी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
क्लब अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने बताया कि यह टूर्नामेंट पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी आयोजित किया जा रहा है, जिसका समापन रविवार को होगा। अंत में अनिल ठाकुर ने मुख्य अतिथि, विशेष अतिथियों, ग्रामवासियों, खिलाड़ियों तथा एनडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विशेष अतिथियों के रूप में चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स, पांवटा साहिब (हिमाचल प्रदेश) के सलाहकार देव व्रत यादव, ईएसआई मॉडल अस्पताल काठा के सहायक निदेशक छेरिंग सम्फेल, शाखा प्रबंधक अभिनव गुप्ता, सामाजिक कार्यकर्ता ओम प्रकाश और माजा हेल्थकेयर के प्रबंधक , रणविजय सिंह ठाकुर, हरदीप ठाकुर, नरेंद्र ठाकुर, गुरचरण ठाकुर, गुरदास ठाकुर, राजीव भल्ला, बिंद्र ठाकुर, जगत राम चंदेल, निर्मल शम्मी, घनश्याम सिंह गन्नी, दिला राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।
