हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
अर्की, 4 जून। अर्की उपमंडल के अंतर्गत सरयांज पंचायत के समीप आज गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जहां दूध की सप्लाई में लगी एक पिकअप गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी ढलान में जा गिरी। इस हादसे में वाहन में सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल अर्की में भर्ती करवाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप गाड़ी सरयांज क्षेत्र से गुजर रही थी कि अचानक चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। नियंत्रण खोने के कारण गाड़ी सड़क से नीचे लुढ़कती हुई कई फीट गहरी खाई में जा पहुंची। गाड़ी के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। ग्रामीणों द्वारा दोनों घायलों को प्राथमिक सहायता प्रदान करने के बाद तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल अर्की भेजा गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय पुलिस को भी हादसे की सूचना दे दी गई है।
