हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
दाड़लाघाट,10, जून। विविध क्षेत्रों में कार्यरत अदाणी समूह की सीमेंट एवं निर्माण सामग्री कंपनी अंबुजा सीमेंट्स ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल स्किल एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (सेडी) के माध्यम से गुजरात के 20,334 से अधिक ग्रामीण युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। यह कार्यक्रम कोडिनार, सूरत, गांधीनगर, साणंद, मोरबी, महुवा और राजुला जैसे क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है।बाजार की मांग के अनुरूप तैयार किए गए इस कार्यक्रम के तहत युवाओं को इलेक्ट्रिकल कार्य,वेल्डिंग,सीएनसी कटिंग और डाटा एंट्री जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाता है। इससे उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त हुए हैं।कार्यक्रम की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रशिक्षित युवाओं में से 75 प्रतिशत से अधिक को रोजगार मिला है। अब तक 425 से अधिक प्लेसमेंट साझेदारों के सहयोग से 16,285 से अधिक युवाओं को नौकरी मिल चुकी है, जिससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। इस पहल की एक विशेषता लैंगिक समानता को बढ़ावा देना भी है। कार्यक्रम के तहत युवतियों को वेल्डिंग और इलेक्ट्रिकल कार्य जैसे पारंपरिक रूप से पुरुष-प्रधान क्षेत्रों में प्रशिक्षण लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।अब तक 9,565 युवतियां इन पाठ्यक्रमों में नामांकन करा चुकी हैं। वहीं युवकों को नर्सिंग जैसे स्वास्थ्य सेवा क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अंबुजा सीमेंट्स उद्यमिता को भी बढ़ावा दे रही है। संस्था के सहयोग से 500 से अधिक ग्रामीण प्रशिक्षुओं ने अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू किया है। उन्हें वित्तीय सहायता और मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है।यह पहल ग्रामीण युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और सतत विकास को बढ़ावा देने की दिशा में अंबुजा सीमेंट्स की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
