
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 11 जून। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित समर कैंप-2026 “कमाल की तैयारी” के अंतर्गत आज आंगनवाड़ी सह-प्री-स्कूल दौन्सी, सोलन में समर मेला-1 का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की विद्यालय-पूर्व तैयारी का आकलन करना, अभिभावकों विशेषकर माताओं की सहभागिता को बढ़ावा देना तथा बच्चों के समग्र विकास हेतु समुदाय को जागरूक बनाना है।
कार्यक्रम में क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों से जुड़े बच्चों एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले में विभिन्न गतिविधियों एवं खेल-आधारित आकलन के माध्यम से बच्चों के भाषा विकास, बौद्धिक विकास, सामाजिक-भावनात्मक विकास, गणित की पूर्व तैयारी तथा शारीरिक विकास से संबंधित क्षमताओं का मूल्यांकन किया गया।
मेले के दौरान प्रत्येक बच्चे की तैयारी का आकलन कर उन्हें रिपोर्ट कार्ड प्रदान किया गया। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के सीखने और विकास में उनकी भूमिका के महत्व के बारे में जानकारी दी गई तथा घर पर बच्चों के साथ किए जाने वाले सरल एवं रोचक गतिविधियों के बारे में भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न गतिविधि स्टॉल लगाए गए, जहां बच्चों एवं अभिभावकों ने सहभागिता करते हुए सीखने की प्रक्रिया का अनुभव किया। मेले में उपस्थित अभिभावकों ने बच्चों की सीखने की प्रगति को समझने और घर पर सहयोग प्रदान करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
समर कैंप “कमाल की तैयारी” के अंतर्गत आगामी 4 से 6 सप्ताह तक अभिभावकों को व्हाट्सएप संदेशों के माध्यम से बच्चों के साथ घर पर किए जाने योग्य गतिविधियां साझा की जाएंगी। इसके उपरांत समर मेला-2 का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बच्चों की सीखने की प्रगति का पुनः मूल्यांकन किया जाएगा।
CDPO Solan Kavita Gautam व Supervisor Nirmala Sharma के अनुसार यह पहल बच्चों की विद्यालय-पूर्व तैयारी को सुदृढ़ करने, आंगनवाड़ी केंद्रों में नामांकन एवं नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देने तथा समुदाय और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी अभिभावकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं समुदाय के सदस्यों का कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
