Spread the love

      हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

सोलन, 15 जून। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत दिव्यांग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से एलिम्को (Artificial Limbs Manufacturing Corporation of India – ALIMCO) के सहयोग से सहायक एवं अनुकूलित उपकरणों के वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को उनकी शैक्षिक, सामाजिक एवं दैनिक गतिविधियों में अधिक सक्षम, आत्मनिर्भर तथा आत्मविश्वासी बनाना है।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से आए दिव्यांग विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इन उपकरणों से विद्यार्थियों को विद्यालयी शिक्षा, आवागमन तथा दैनिक जीवन की गतिविधियों में सुविधा प्राप्त होगी। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों एवं शिक्षकों को भी इन उपकरणों के महत्व एवं उनके उचित उपयोग के बारे में जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि गोपाल चौहान, उप निदेशक उच्च शिक्षा, सोलन ने विद्यार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि समावेशी शिक्षा का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को समान अवसर प्रदान करना है, ताकि कोई भी विद्यार्थी किसी भी प्रकार की शारीरिक या अन्य चुनौती के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाएं उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं और एलिम्को के माध्यम से प्रदान किए जा रहे उपकरण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं मेजबानी डॉ. राजिंदर वर्मा, जिला परियोजना अधिकारी एवं उप निदेशक गुणवत्ता, सोलन द्वारा की गई। उन्होंने समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित समावेशी शिक्षा कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि विभाग का निरंतर प्रयास है कि विशेष आवश्यकता वाले प्रत्येक विद्यार्थी तक आवश्यक सुविधाएं एवं संसाधन पहुंचाए जाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें समाज में समान भागीदारी के लिए सशक्त बनाते हैं।

कार्यक्रम में गीतांजलि कश्यप, प्रधानाचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डीआईईटी), सोलन ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को उसकी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से विद्यार्थियों को निरंतर प्रोत्साहित करने का आह्वान किया ताकि वे अपने जीवन में सफलता के नए आयाम स्थापित कर सकें।

Leave a Reply

You missed