हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
नालागढ़, 15 जून। । हिमाचल पथ परिवहन निगम नालागढ़ क्षेत्र के कर्मचारियों ने सोमवार को गेट मीटिंग कर निगम प्रबंधन और प्रदेश सरकार के प्रति रोष जताया। कर्मचारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार का साढ़े तीन वर्ष का कार्यकाल बीत चुका है, लेकिन निगम कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान अब तक नहीं हो पाया है।
गेट मीटिंग की अध्यक्षता हिमाचल पथ परिवहन निगम नालागढ़ क्षेत्र ड्राइवर यूनियन के प्रधान सुरेंद्र सिंह और कंडक्टर यूनियन नालागढ़ क्षेत्र के अध्यक्ष देवेंद्र भारद्वाज ने की। उन्होंने कहा कि निगम कर्मचारी हमेशा सरकार के साथ सहयोगात्मक रवैया अपनाते रहे हैं और किसी भी परिस्थिति में सरकार को असहज नहीं किया, लेकिन बदले में कर्मचारियों को केवल आश्वासन ही मिले हैं।
ड्राइवर यूनियन के प्रधान सुरेंद्र सिंह ने कहा कि ऑन ड्यूटी चालकों और परिचालकों के साथ मारपीट व हाथापाई की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि निगम कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए ठोस कानून बनाया जाए। इसके साथ ही कर्मचारियों का 75 माह का नाइट ओवरटाइम एकमुश्त जारी किया जाए।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश के अन्य कर्मचारियों को चार वर्ष पहले 50 हजार रुपये की किश्त मिल चुकी है, लेकिन निगम कर्मचारियों को आज तक इससे वंचित रखा गया है। उन्होंने वित्तीय लाभ एकमुश्त जारी करने, निगम में मैकेनिक, चालक और परिचालकों की शीघ्र भर्ती करने की मांग भी उठाई।
सुरेंद्र सिंह ने कहा कि नालागढ़ डिपो निगम का कमाऊ डिपो है,प्रबंधक व सरकार को अधिक बसें नालागढ़ डिपो को दें ताकि क्षेत्र की जनता को अच्छी सेवाएं दे सकें।
