“जनता पर टैक्स का बोझ, सरकार मौज में”—कांग्रेस राज में हिमाचल त्रस्त
- “जनता के हर मुद्दे पर सड़कों से सदन तक संघर्ष”भाजपा का संकल्प, कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे
-
मंडी में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति—“जनता पर बोझ डालने वाली सरकार” के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का संकल्प
-
महंगाई, टैक्स और कुशासन से त्रस्त जनता—कांग्रेस सरकार का “लूट मॉडल” बेनकाब:- डॉ राजीव बिंदल
“मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत ने रचा विकास का स्वर्णिम दशक”
- कांग्रेस ने देश की छवि को पहुंचाया नुकसान, भाजपा ने विश्व मंच पर भारत का बढ़ाया मान:- अनुराग ठाकुर
राष्ट्रीय प्रस्ताव को मिला सर्वसम्मति समर्थन—मोदी सरकार की नीतियों पर जताया विश्वास
“प्राइड ऑफ हिल्स” के तहत ₹3,920 करोड़ की विशेष सहायता—हिमाचल को विकास की नई रफ्तार: डॉ. राजीव भारद्वाज
“कांग्रेस सरकार का कार्यकाल ‘काला अध्याय’—भ्रष्टाचार, कुप्रबंधन और जनविरोधी नीतियों का खुला दस्तावेज”
“टैक्स की मार, विकास ठप, जनता परेशान”—प्रदेश कार्यसमिति में कांग्रेस सरकार के खिलाफ राजनीतिक प्रस्ताव पारित:- विपिन परमार
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
मंडी, 07 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक का आयोजन मंडी में सम्पन्न हुआ, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप, डॉ. राजीव भारद्वाज, हर्ष महाजन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, सुरेश चंदेल, सुरेश भारद्वाज, महेश्वर सिंह, महामंत्री संजीव कटवाल, पायल वैद्य सहित सभी विधायक एवं प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता आज महंगाई, टैक्स और कुशासन से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनता की सेवा के बजाय “जनता पर बोझ डालने” की नीति पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक के बाद एक टैक्स लगाकर आम जनता की कमर तोड़ दी गई है। बिजली के बढ़े हुए बिल “करंट मारने” लगे हैं, पानी के दामों में वृद्धि हुई है, एचआरटीसी के किराए बढ़ाए गए हैं और कई रूट बंद कर दिए गए हैं, जिससे आम लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि राशन डिपो में लोगों को पर्याप्त राशन नहीं मिल रहा और जो मिल रहा है वह महंगे दामों पर दिया जा रहा है। स्टांप ड्यूटी में भारी बढ़ोतरी, सीमेंट के बढ़ते दाम और एंट्री टैक्स ने आम जनता, व्यापारियों और परिवहन क्षेत्र पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने डीजल पर पहले ₹10.40 का वैट लगाया और अब ₹5 प्रति लीटर सेस लगाकर महंगाई को और बढ़ा दिया है, जबकि केंद्र सरकार लगातार राहत देने का प्रयास कर रही है।
“एक तरफ राहत, दूसरी तरफ लूट—यही कांग्रेस सरकार का असली चेहरा है,” उन्होंने तीखा प्रहार किया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश में माफिया राज, भाई-भतीजावाद और मित्रवाद चरम पर है, जबकि बेरोजगार युवा, महिलाएं, कर्मचारी, किसान, बागवान और सेवानिवृत्त कर्मचारी सभी वर्ग अपने-अपने स्तर पर परेशान हैं।
“आज हर वर्ग परेशान है और हर घर में आक्रोश है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में यह संकल्प लिया गया है कि जनता के हर मुद्दे को सड़क से लेकर विधानसभा तक मजबूती से उठाया जाएगा और हर वर्ग की आवाज बनकर संघर्ष किया जाएगा।
अंत में डॉ. बिंदल ने कहा,
“यह लड़ाई भाजपा की नहीं, बल्कि जनता की है—और भाजपा जनता के साथ मिलकर इस जनविरोधी कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए प्रतिबद्ध है।”
बाक्स:-
“मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत ने रचा विकास का स्वर्णिम दशक”
कांग्रेस ने देश की छवि को पहुंचाया नुकसान, भाजपा ने विश्व मंच पर भारत का बढ़ाया मान:- अनुराग ठाकुर
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले एक दशक में अभूतपूर्व विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा हासिल की है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा देशहित से ऊपर राजनीति को रखा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया, जबकि भाजपा सरकार ने “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ देश को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना के तहत 55 करोड़ से अधिक लोगों को प्रति वर्ष ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया गया है। अब 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को भी इस योजना में शामिल कर सामाजिक सुरक्षा को और मजबूत किया गया है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक क्षेत्र में भारत ने स्थिरता और विकास का संतुलन बनाए रखते हुए 2014 से 2026 तक औसतन 6.5% की जीडीपी वृद्धि दर हासिल की। महंगाई दर भी अधिकांश समय भारतीय रिजर्व बैंक के 2-6% के लक्ष्य के भीतर नियंत्रित रही, जो मजबूत आर्थिक प्रबंधन का प्रमाण है।
अनुराग ठाकुर ने बताया कि भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 2014 में लगभग 304 अरब डॉलर से बढ़कर 700 अरब डॉलर के स्तर तक पहुंच गया है। इसी अवधि में 667 अरब डॉलर से अधिक का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) आया, जो वैश्विक निवेशकों के भारत पर बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का पूंजीगत व्यय 2013-14 के लगभग ₹2 लाख करोड़ से बढ़कर ₹12 लाख करोड़ से अधिक हो गया है, जिससे देश में इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार सृजन को नई गति मिली है।
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई 2014 के लगभग 91,000 किमी से बढ़कर 1.45 लाख किमी से अधिक हो चुकी है। हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर लगभग 150-180 तक पहुंच गई है और मेट्रो नेटवर्क 5 शहरों से बढ़कर 20 से अधिक शहरों तक फैल चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने देश के गरीब, किसान और मध्यम वर्ग के जीवन स्तर में ऐतिहासिक सुधार किया है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि “मोदी सरकार ने जहां विकास, सुशासन और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी है, वहीं कांग्रेस ने हमेशा भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और भ्रम की राजनीति की है।”
अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने की दिशा में यह विकास यात्रा निरंतर जारी रहेगी और देश की जनता का विश्वास ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
बाक्स:-
राष्ट्रीय प्रस्ताव को मिला सर्वसम्मति समर्थन—मोदी सरकार की नीतियों पर जताया विश्वास
“प्राइड ऑफ हिल्स” के तहत ₹3,920 करोड़ की विशेष सहायता—हिमाचल को विकास की नई रफ्तार:- डॉ. राजीव भारद्वाज
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रस्तुत राष्ट्रीय राजनीतिक प्रस्ताव को लोकसभा सांसद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजीव भारद्वाज तथा प्रदेश सचिव प्रियंता शर्मा ने पूर्ण समर्थन दिया।
डॉ. राजीव भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश को विकास की नई दिशा दी है और हिमाचल प्रदेश को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने “प्राइड ऑफ हिल्स” योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के तहत हिमाचल प्रदेश को ₹3,920 करोड़ की विशेष आर्थिक सहायता प्रदान की गई है, जो प्रदेश के विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग दर्शाता है कि मोदी सरकार पहाड़ी राज्यों के संतुलित और तेज विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
प्रदेश सचिव प्रियंता शर्मा ने भी प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियां “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत पर आधारित हैं और यही कारण है कि देश की जनता का भरोसा लगातार भाजपा पर मजबूत हो रहा है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रस्ताव केवल राजनीतिक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के विकास, सुशासन और मजबूत भविष्य का रोडमैप है, जिसे कार्यकर्ताओं के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में प्रस्ताव का समर्थन करते हुए इसे पारित किया और संकल्प लिया कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।
बाक्स:-
“कांग्रेस सरकार का कार्यकाल ‘काला अध्याय’—भ्रष्टाचार, कुप्रबंधन और जनविरोधी नीतियों का खुला दस्तावेज”: विपिन परमार
“टैक्स की मार, विकास ठप, जनता परेशान”—प्रदेश कार्यसमिति में कांग्रेस सरकार के खिलाफ राजनीतिक प्रस्ताव पारित
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष विपिन परमार ने प्रदेश का राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार का कार्यकाल हिमाचल प्रदेश के इतिहास में “काला अध्याय” के रूप में दर्ज होगा, जिसमें व्यापक भ्रष्टाचार, आर्थिक कुप्रबंधन, प्रशासनिक अराजकता और जनता के साथ विश्वासघात देखने को मिला है।
विपिन परमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही प्रदेश को आर्थिक संकट और अनिश्चितता के गर्त में धकेल दिया है। “ऊंची दुकान, फीका पकवान” की तर्ज पर सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन धरातल पर विकास पूरी तरह ठप हो चुका है और जनकल्याण शून्य हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में 2000 से अधिक संस्थान बंद कर दिए गए, जिससे शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। हिमकेयर, सहारा जैसी योजनाओं के भुगतान लंबित हैं और अस्पतालों की स्थिति वेंटिलेटर पर पहुंच गई है, जबकि सरकार जनता को “रोबोटिक सर्जरी” के सपने दिखा रही है।
परमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन के कारण प्रदेश पर कर्ज बढ़कर लगभग ₹1.8 लाख करोड़ तक पहुंच गया है, जिससे हर नागरिक पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इसके बावजूद विकास कार्य ठप हैं और सरकार लगातार नया कर्ज लेकर खर्च चला रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत हिमाचल को लाखों करोड़ की सहायता दी गई, लेकिन कांग्रेस सरकार उस धन का प्रभावी उपयोग करने में विफल रही। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन और अन्य योजनाओं का क्रियान्वयन भी धीमा पड़ा है।
विपिन परमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार “टैक्स बढ़ाओ और जनता को दबाओ” की नीति पर काम कर रही है—पेट्रोल-डीजल पर भारी VAT, एंट्री टैक्स में वृद्धि, स्टांप ड्यूटी बढ़ोतरी, बिजली-पानी के बढ़े बिल और बस किराए ने आम जनता की कमर तोड़ दी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफिया राज, भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद चरम पर है। मित्रों को मलाईदार पद बांटे जा रहे हैं, सीपीएस जैसी नियुक्तियों को न्यायालय ने निरस्त किया और सरकारी धन का दुरुपयोग कर उन्हें बचाने की कोशिश की गई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार संवैधानिक संस्थाओं से टकराव की स्थिति पैदा कर रही है, चुनाव आयोग और राज्यपाल जैसे पदों पर खुली टिप्पणी की गई, और विजिलेंस को RTI से बाहर कर पारदर्शिता खत्म करने का प्रयास किया गया।
अंत में विपिन परमार ने कहा कि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति यह संकल्प लेती है कि कांग्रेस सरकार के हर भ्रष्टाचार, हर घोटाले और हर जनविरोधी निर्णय का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा और प्रदेश को इस “भ्रष्ट और विफल सरकार” से मुक्त कराने के लिए व्यापक जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
“यह केवल राजनीतिक संघर्ष नहीं, बल्कि हिमाचल के भविष्य को बचाने की निर्णायक लड़ाई है,” उन्होंने कहा।
