
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 21 जून। शनिवार को महिला एवं बाल विकास विभाग तथा प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित समर कैंप–2026 “कमाल की तैयारी” के अंतर्गत आज आंगनवाड़ी सह-प्री-स्कूल निचला सुल्तानपुर, वृत्त कुमारहट्टी, सोलन में समर मेला–1 का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के 21 बच्चों की विद्यालय-पूर्व तैयारी का खेल एवं गतिविधि आधारित आकलन किया गया। साथ ही अभिभावकों, विशेषकर माताओं को बच्चों के सीखने एवं समग्र विकास में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के भाषा, गणितीय, सामाजिक-भावनात्मक एवं शारीरिक विकास का मूल्यांकन कर रिपोर्ट कार्ड प्रदान किए गए।
मेले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए गतिविधि स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी कविता गौतम, सुल्तानपुर पंचायत के प्रधान अभिषेक सुल्तानपुरी एवं उपप्रधान तारा चंद विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए बच्चों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कुमारहट्टी वृत्त की सुपरवाइजर लज्या बिंद्रा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शर्मिला ठाकुर, अनुराधा ठाकुर, नीलम शर्मा, बीना देवी एवं गीता तथा प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन से विनोद कुमार, रशिमा एवं ऋचा का विशेष सहयोग रहा। अंत में सभी अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।
