Spread the love

 

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

सोलन, 22 जून। राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा है कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की राजनीति की दिशा और दशा दोनों बदली है। उन्होंने इस कार्यकाल को भारत का स्वर्णिम काल बताते हुए कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान बेहद मजबूत हुई है और पूरे विश्व में हर मंच पर भारत की बात को गंभीरता से सुना जाता है। पीएम मोदी की इसी वैश्विक साख के कारण उन्हें अब तक 33 देशों में सम्मानित किया जा चुका है। सोलन के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में आयोजित एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. सिकंदर ने विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा और विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया।

आर्थिक तरक्की और अमृतकाल का संकल्प सांसद डॉ. सिकंदर ने देश की बढ़ती आर्थिक ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि

ग्लोबल ग्रोथ में हिस्सेदारी:-साल 2027 तक वैश्विक विकास दर में भारत की हिस्सेदारी 20 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

जीडीपी में लगातार उछाल:-भारत की जीडीपी दर लगातार बढ़ रही है, जो इस बात का प्रमाण है कि देश ने हर क्षेत्र में तेज विकास किया है।

अभूतपूर्व कार्य:- मोदी सरकार ने विज्ञान, तकनीक और कृषि समेत हर क्षेत्र में अकल्पनीय कार्य किए हैं।

विकसित भारत का लक्ष्य:-साल 2047 तक भारत को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे अमृतकाल की संज्ञा दी गई है।

डालर के मुकाबले रुपये की स्थिति पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट किया कि रुपये में उतार-चढ़ाव पूरी तरह से अंतर्राष्ट्रीय प्रभावों के कारण होता है।

हिमाचल को मिले अरबों के फोरलेन प्रोजेक्ट, कांग्रेस पर साधा निशाना:- हिमाचल प्रदेश के विकास का जिक्र करते हुए डॉ. सिकंदर ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य को अरबों रुपये के फोरलेन प्रोजेक्ट दिए हैं, जिनका काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सवाल किया:-कांग्रेस नेता जनता को बताएं कि जब केंद्र और हिमाचल दोनों जगह कांग्रेस की सरकारें थीं, तब राज्य के लिए कितने बड़े प्रोजेक्ट मंजूर किए गए थे। फोरलेन निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई खामी रही होगी, तो उसे केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय दूर करेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के विभाग में खामियों की गुंजाइश न के बराबर रहती है।

नीट परीक्षा और गैस किल्लत पर दिया स्पष्टीकरण प्रेसवार्ता के दौरान सांसद ने विपक्ष के इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया कि केंद्र सरकार ने नीट परीक्षा विवाद पर कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह कहना गलत है कि सरकार मूकदर्शक बनी रही। परीक्षा में कुछ खामियां सामने आई थीं, जिन्हें सुधारते हुए केंद्र सरकार ने तुरंत ठोस कदम उठाए। यही कारण है कि प्रभावित छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित करवाई गई।

एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति:- गैस सिलेंडर की कमी के आरोपों को गलत बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं होने दी है। कुछ शरारती तत्वों ने सिलेंडरों की जमाखोरी का प्रयास जरूर किया था, लेकिन सरकार ने ऐसे लोगों पर पैनी नजर रखकर सख्त कार्रवाई की है।

Leave a Reply

You missed