Spread the love

 

 

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

अर्की, 22 जून। गौतम एंटरटेनमेंट तथा गेविन बीट्स के संयुक्त तत्वावधान में निर्मित हिंदी म्यूजिक एल्बम “विद यू” इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। गौतम एंटरटेनमेंट के चेयरमैन जगत गौतम ने पत्रकार वार्ता के दौरान एल्बम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए बताया कि टी-सीरीज के बैनर तले निर्मित इस एल्बम का विमोचन हाल ही में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुखु द्वारा किया गया है।

जगत गौतम ने बताया कि “विद यू” एक रोमांटिक हिंदी म्यूजिक एल्बम है, जिसमें युवा कलाकार गेविन मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। विशेष बात यह है कि गेविन ने इस एल्बम में अभिनय के साथ-साथ निर्देशन की जिम्मेदारी भी स्वयं संभाली है। एल्बम में आयुष्मा ने नायिका की भूमिका निभाई है और दोनों कलाकारों की जोड़ी को दर्शकों द्वारा सराहा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस म्यूजिक वीडियो की शूटिंग हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत प्राकृतिक स्थलों पर की गई है। शूटिंग के लिए अर्की,शिमला तथा कुफरी सहित प्रदेश के कई अन्य रमणीय क्षेत्रों का चयन किया गया। एल्बम में हिमाचल की मनमोहक वादियों, पर्वतीय सौंदर्य और प्राकृतिक वातावरण को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है, जिससे प्रदेश के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

जगत गौतम ने बताया कि एल्बम के गीत को प्रसिद्ध गायक रहम ने अपनी सुरीली आवाज दी है। गीत के बोल भी रहम द्वारा ही लिखे गए हैं। संगीत और बोलों के सुंदर समन्वय ने इस गीत को और अधिक प्रभावशाली बनाया है। उन्होंने कहा कि गीत के माध्यम से प्रेम, भावनाओं और रिश्तों की खूबसूरती को दर्शाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने बताया कि गेविन बीट्स इससे पूर्व भी कई सफल म्यूजिक प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके हैं। उनकी चर्चित एल्बम “टेम्पररी प्यार” और “काका स्पॉटिफाई” को सोशल मीडिया और विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है। इन गीतों को दस लाख से अधिक व्यूज प्राप्त हो चुके हैं, जो उनकी लोकप्रियता को दर्शाता है।

पत्रकार वार्ता के दौरान जगत गौतम ने कहा कि उनकी कंपनी भविष्य में भी हिमाचल प्रदेश में संगीत और अभिनय के क्षेत्र में बड़े स्तर पर कार्य करने की योजना बना रही है। गौतम एंटरटेनमेंट गेविन बीट्स के साथ मिलकर कई नई म्यूजिक एल्बम और मनोरंजन परियोजनाओं पर काम करने की तैयारी कर रही है। उनका उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि हिमाचल में अभिनय, संगीत, मॉडलिंग और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं। यदि स्थानीय कलाकारों को उचित मंच और मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। इसी सोच के साथ उनकी कंपनी प्रदेश की नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

जगत गौतम ने विश्वास जताया कि “विद यू” दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाएगी और हिमाचल की सुंदरता के साथ-साथ यहां के कलाकारों की प्रतिभा को भी देशभर में नई पहचान दिलाने में सफल होगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से एल्बम को देखने और स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील भी की।

 

Leave a Reply

You missed