Spread the love

 

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

अर्की, 26 जून। तहसील अर्की क्षेत्र की जनता की जीवनरेखा मानी जाने वाली ज्यूरीपतन से शिमला (वाया जयनगर) बस सेवा को बंद करने के सरकार के निर्णय पर राजनीति गरमा गई है। आम आदमी पार्टी ने सरकार के इस कदम का कड़ा विरोध करते हुए इसे जनता के हितों के साथ सरासर अन्याय करार दिया है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि इस रूट को जल्द बहाल नहीं किया गया तो वे जनता को साथ लेकर सड़कों पर उतरने से गुरेज नहीं करेंगे।

30 साल पुरानी रूट बंद होने से 15 पंचायतों में आक्रोश:-

आम आदमी पार्टी के हिमाचल प्रदेश प्रवक्ता अशोक चंदेल ने एक बयान जारी कर कहा कि यह बस सेवा पिछले करीब 30 वर्षों से लगातार सुचारू रूप से चल रही थी। इस रूट के बंद होने से क्षेत्र की लगभग 10 से 15 पंचायतों के हजारों लोग सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं।

पार्टी प्रवक्ता अशोक चंदेल ने कहा:-

“इस बस सेवा के माध्यम से रोजाना स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी, सरकारी कर्मचारी, बुजुर्ग और आम ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों के लिए सफर करते हैं। ऐसे जनहित के रूट को बंद करना सरकार की जनविरोधी नीति को दर्शाता है। हम मांग करते हैं कि इस फैसले को तुरंत वापस लेकर बस सेवा को यथावत शुरू किया जाए।”

विधायक संजय अवस्थी से हस्तक्षेप की मांग:-

आम आदमी पार्टी ने अर्की विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय विधायक संजय अवस्थी से भी इस मामले में दखल देने की मांग की है। ‘आप’ ने आग्रह किया है कि विधायक जनता की भावनाओं और परेशानियों को समझते हुए इस गंभीर मुद्दे को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएं ताकि रूट को तुरंत बहाल करवाया जा सके।

उग्र आंदोलन की चेतावनी:-

‘आप’ प्रवक्ता ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि सरकार ने जनहित के इस रूट को दोबारा शुरू नहीं किया, तो आम आदमी पार्टी क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन शुरू करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस आंदोलन से उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार और संबंधित जनप्रतिनिधियों की होगी।

Leave a Reply

You missed