
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
अर्की, 26 जून। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च पाठशाला हनुमान बड़ोग में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए भारत की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विभिन्न राज्यों की भाषाओं, लोक कलाओं, पारंपरिक वेशभूषा और खान-पान से परिचित कराया गया। इस दौरान हिमाचल प्रदेश और केरल की सांस्कृतिक साझेदारी को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों ने अपने घरों से हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ केरल के प्रसिद्ध व्यंजन तैयार कर विद्यालय में प्रदर्शनी लगाई, जिसकी सभी ने सराहना की।
प्रदर्शनी का अवलोकन ग्राम पंचायत हनुमान बड़ोग की प्रधान कांता शर्मा, उपप्रधान नरेश कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हेमचंद, उपाध्यक्ष राजकुमार, समिति के सदस्यों तथा विद्यार्थियों के अभिभावकों ने किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और सांस्कृतिक समझ की प्रशंसा करते हुए ऐसे आयोजनों को राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने वाला बताया।
विद्यालय के कार्यवाहक मुख्य अध्यापक नरेंद्र कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अध्यापक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे।
