
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
अर्की, 27 जून। हाल ही में अस्तित्व में आई नवीन ग्राम पंचायत चमाकड़ीपुल में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने शनिवार को विधिवत रूप से पंचायत कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पंचायत परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र के विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनसेवा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पंचायत प्रधान नरेंद्र हांडा, उपप्रधान पुरणचंद, वार्ड सदस्य हेमराज, कौशल्या देवी, हेमा देवी, नीलम एवं मीरा देवी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने नवगठित पंचायत के सफल संचालन और क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पंचायत प्रधान नरेंद्र हांडा ने कहा कि चमाकड़ीपुल को अलग ग्राम पंचायत का दर्जा मिलना क्षेत्रवासियों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मांग और प्रयासों के बाद पंचायत का गठन संभव हो पाया है, जिससे अब स्थानीय समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। उन्होंने पंचायत के गठन में सहयोग देने वाले सभी ग्रामवासियों एवं मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
प्रधान ने कहा कि पंचायत के सभी निर्वाचित प्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूर्ण समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि पंचायत के विकास के लिए आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता रहेगी। प्रत्येक गांव में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार करने, सड़क एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के विस्तार तथा ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि पंचायत स्तर पर शीघ्र ही आपदा प्रबंधन समिति का गठन किया जाएगा, ताकि प्राकृतिक आपदाओं एवं आपात परिस्थितियों में लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही पंचायत प्रशासन में पारदर्शिता एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नियमित बैठकों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। नवगठित ग्राम पंचायत के शुभारंभ से क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और लोगों ने विकास की नई उम्मीदें व्यक्त कीं।
