Spread the love

 

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

अर्की, 27 जून। उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत भूमती में आयोजित पारंपरिक दंगल में विभिन्न राज्यों के पहलवानों ने दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। दंगल की सबसे बड़ी माली के रोमांचक मुकाबले में रोहतक के जयदीप ने चंडीगढ़ के राजेश को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। विजेता पहलवान को दंगल कमेटी की ओर से 5,100 रुपये, जबकि उपविजेता को 4,100 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
छोटी माली के मुकाबले में भी रोहतक के नितिन ने जगजीत नगर के गगन को हराकर जीत दर्ज की। विजेता को 4,100 रुपये तथा उपविजेता को 3,100 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
वहीं सबसे छोटी माली के मुकाबले में धर्मपुर के मयंक ने जगजीत नगर के वीरेंद्र को शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। विजेता पहलवान को 3,100 रुपये तथा उपविजेता को 2,100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इससे पूर्व समाजसेवी एवं कर्मचारी नेता जयनंद शर्मा ने दंगल का शुभारंभ किया। दंगल कमेटी ने उनका शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। अपने संबोधन में जयनंद शर्मा ने कहा कि मेले और दंगल हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम हैं। इस अवसर पर उन्होंने दंगल कमेटी को अपनी ओर से 11 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में बीडीसी सदस्य कमलेश शर्मा, ग्राम पंचायत भूमती की प्रधान शकुंतला ठाकुर, उपप्रधान विनय शर्मा, ग्राम पंचायत जमरोटी की प्रधान रमा बंसल, उपप्रधान ईश्वर, सहित प्यारेलाल शर्मा, ऋषि देव, कैलाश चंद, रमेश गौतम, महेंद्र पाल, पुरुषोत्तम, पवन शर्मा, योगेश गौतम, नरेश तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You missed