हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
अर्की, 30 जून। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भूमती में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन के गठन हेतु बैठक का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। बैठक में विद्यालय के अभिभावकों एवं अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से समिति का गठन सुनिश्चित किया। चुनाव प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। सर्वसम्मति एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के आधार पर विभूति शर्मा को विद्यालय प्रबंधन समिति का प्रधान तथा राजेंद्र कुमार को उपप्रधान चुना गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि विद्यालय प्रबंधन समिति विद्यालय के सर्वांगीण विकास, विद्यार्थियों के शैक्षणिक उत्थान, अनुशासन, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बैठक में विद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सार्थक चर्चा की गई तथा सभी अभिभावकों एवं अध्यापकों ने विद्यालय की प्रगति के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। प्रधानाचार्य ने समिति के गठन में सक्रिय सहयोग देने वाले सभी अभिभावकों एवं अध्यापकों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय हित में निरंतर सहयोग की अपेक्षा की।
विद्यालय परिवार ने नवनिर्वाचित प्रधान एवं उपप्रधान सहित समस्त विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों को शुभकामनाएँ दीं l
